पश्चिम चंपारण में संदिग्ध परिस्थिति में पोखर में डूबकर अधेड़ की मौत, सनसनी
योगापट्टी थाना क्षेत्र के मटकोटा पोखर से वगावां गांव निवासी प्रमोद सहनी का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। वह प्रखंड के गोदाम में मजदूरी करता था। मंगलवार की सुबह से वह घर से गायब था।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। योगापट्टी थाना क्षेत्र के मटकोटा पोखर से अधेड़ का शव बुधवार की सुबह में निकाला गया । सूचना पर पहुंची योगापट्टी पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भेज दिया है। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के नवगावां गांव निवासी बन्धु सहनी के पुत्र प्रमोद सहनी (45) के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के मटकोटा स्थित राम जानकी मंदिर के पोखरा में बुधवार की सुबह कुछ लोगों ने एक व्यक्ति के शव को उपलाते देखा। शव को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। वहीं पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव की पहचान की।
मृतक के पुत्र विकास ने बताया कि मंगलवार की सुबह सात बजे से उसके पिता घर से गायब थे, जो देर रात तक घर नहीं लौटे। काफी खोजबीन की गई लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। बुधवार की सुबह लोगों ने सूचना दी कि मटकोटा पोखरा में किसी व्यक्ति का शव पड़ा है। मृतक के स्वजनों ने बताया कि वह प्रखंड के गोदाम में मजदूरी करता था।