प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या कर शव फेंका Muzaffarpur News
बंधे थे मृतक के दोनों हाथ शरीर पर थे जख्म के कई निशान। मंगलवार की रात घर से निकला तो वापस नहीं आया।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। मीनापुर थाना के पानापुर ओपी क्षेत्र के प्रसाद गांव में बुधवार की सुबह 45 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के दोनों हाथ ब्लाउज से बंधे थे। शरीर पर कई जगहों पर धारदार हथियार से वार करने के निशान थे। मृतक की पहचान ओपी क्षेत्र के पुरैना निवासी परीक्षण महतो के पुत्र विमल कुमार महतो के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम में भेज सकी। अबतक परिजनों ने ओपी में कोई आवेदन नहीं दिया है।
बताया गया कि पुरैना गांव निवासी विमल महतो मंगलवार की रात नौ बजे परिजनों को कुछ बताए बगैर घर से बाहर निकला था। देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। इस बीच सुबह उसका शव प्रसाद गांव के पास मिलते ही सनसनी फैल गई। सड़क किनारे शव फेंका गया था। दोनों हाथ किसी महिला के ब्लाउज से बंधे थे। सिर सहित शरीर के कई जगहों पर गहरा जख्म के निशान मिले।
शव देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि किसी धारदार हथियार से उनकी हत्या की गई है। सूचना पर पहुंचे परिजन शव देखते ही बेहोश हो गए। सूचना पर ओपी पुलिस भी पहुंची, लेकिन लोगों ने शव उठाने से पुलिस को रोक दिया। घटना की गुत्थी जल्द सुलझाने के आश्वासन दिए जाने के बाद लोग शांत हुए। तब जाकर पुलिस शव को पोस्टमार्टम मे एसकेएमसीएच भेज सकी।
विमल ईंट -भट्टे पर काम करता था। कुछ साल पहले उनकी पत्नी की मौत हो चुकी है। पुलिस ने प्रेम - प्रसंग में उसकी हत्या की आशंका जताई है। ओपी प्रभारी अरविन्द पासवान ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव का परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। इससे संबंधित आवेदन मिलने पर आगे कार्रवाई की जाएगी।