मुजफ्फरपुर के संगम घाट में मिला युवती का शव, इलाके में दहशत Muzaffarpur News
अहियापुर थाना क्षेत्र के संगम घाट इलाके की घटना। बोरे में बंद शव महिला का है जिसकी पहचान नहीं हो सकी है। लोग हत्या कर शव को फेंके जाने की आशंका जता रहे हैं।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। मुजफ्फपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के संगम घाट में शुक्रवार की सुबह बोरे बंद अज्ञात शव मिला। शव बरामद होने से आस-पास के लोगों में अफरातफरी का माहौल हो गया।
शुक्रवार की सुबह मुजफ्फरपुर दरभंगा फोर लाइन पर अहियापुर संगम घाट के पश्चिम किनारे बोरे में बांधकर युवती का शव बरामद हुआ। बोरे के ऊपर से चादर बांधकर शव को फेंका गया था। स्थानीय लोगों ने सामना फेंके जाने की आशंका जताते हुए चादर को खोला। जिसमें बोरा में कसा युवती का शव देखने पर लोगों में हड़कंप मच गया। मौजूद लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना के बावजूद पुलिस को मौके पर पहुंचने में देरी हुई, जिससे आक्रोशित लोगों ने फोर लाइन जाम कर दिया।
इसके बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। और मामले की जांच में जुट गई है। मृत युवती के गर्दन पर बाएं तरफ एवं चेहरे पर जख्म का निशान पाया गया है। लोगों द्वारा यह आशंका जताई जा रही है कि हत्या कर शव को यहां फेंक दिया गया है।
हालांकि अभी तक इसकी पहचान नहीं हो सकी है। युवती की उम्र 25-27 वर्ष आंकी जा रही है। यह लाल रंग का सलवार सूट में है। इसके गले में एवं दोनों पैर में एक जरी के साथ काला रंग का धागा बंधा है। बोरे में बंद शव मिलने की घटना से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।