पूर्वी चंपारण में पुआल के ढेर से तीन दिन बाद लापता बालक का शव बरामद, जानिए मामला East Champaran News
रक्सौल के आदापुर थाना क्षेत्र के अररा गांव की घटना। एक दस वर्षीय बालक तीन दिन से लापता था। उसका शव पुआल के ढेर से बरामद किया गया है।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। रक्सौल के आदापुर थाना क्षेत्र के अररा गांव से पुलिस ने एक दस वर्षीय बालक का शव पुआल के ढेर से बरामद किया है। शव की स्थिति बदतर है। पुलिस ने बरामद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसकी जानकारी थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने दी है। बरामद शव की पहचान भीम सहनी के 10 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार के रूप में हुई है। जो तीन दिन पूर्व से लापता था। जिसकी खोज परिजन कर रहे थे।
इस बीच रविवार की सुबह ग्रामीण गांव में दक्षिण की तरफ जा रहे थे। तब पुआल की ढेर के समीप से बदबू आया। इसपर ग्रामीणों ने संदेह के आधार पर पुलिस को सूचना दिया। इधर शव बरामद करने के बाद पुलिस ने दो नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। परिजनों के अनुसार मृत बालक घर से 15 सौ रुपये लेकर तीन बच्चों के साथ घर से बाहर गया था।