मधुबनी में दो दिनों से लापता युवक का तालाब में मिला शव, मानसिक रूप से बीमार था युवक
Madhubani News पंडौल थाना क्षेत्र के सरिसब पाही पूर्वी पंचायत की घटना। स्थानीय लोगों के अनुसार युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी।। इस वर्ष अब तक पंचायत में तीन प्रखंड में सात लोगों की डूबने से हो चुकी मौत।
मधुबनी, जागरण संवाददाता। पंडौल थाना क्षेत्र के सरिसब पाही पूर्वी पंचायत में एक युवक की पोखर में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सरिसब पाही पूर्वी पंचायत के वार्ड संख्या 13 निवासी स्व. सूरज मंडल के मझले बेटे करीब 45 वर्षीय कमलनाथ मंडल के रुप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। मानसिक विक्षिप्तता के कारण उसका विवाह भी नहीं हुआ था। माता -पिता की मृत्यु बहुत पहले हो चुकी है। मृतक कमल नाथ अपने छोटे भाई सोमनाथ मंडल के परिवार में साथ रहता था।
मृतक का बड़ा भाई शिवनाथ मंडल व छोटा भाई सोमनाथ मंडल बाहर शहर में नौकरी करते हैं। दो दिन पूर्व शाम से ही कमल नाथ मंडल लापता था। परिजनों ने काफी खोजबीन किया, लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चला। दो दिन बाद सुबह स्थानीय लोगों ने वार्ड संख्या 13 स्थित मां तारा मंदिर के सामने स्थित भगवती पोखर में उसके शव को तैरते देखा। देखते ही लोगों ने शोर मचाया और उसके शव को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों व परिजनों ने उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
किसी ने इस घटना की सूचना पुलिस-प्रशासन को नहीं दी। इधर, युवक की मौत से गांव में मातम का माहौल है। बता दें कि इससे पूर्व सरिसब पाही पश्चिमी में पोखर में डूबने से इस वर्ष अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि, इसी वर्ष पंडौल मध्य पंचायत के बुधन झा टोला में एक, श्रीपुर हाटी मध्य पंचायत के नवहथ में एक और संकोर्थू पंचायत में दो लोगों की मौत हो चुकी है।