Darbhanga Flight Service News:उड़ान योजना के सभी एयरपोर्ट में दरभंगा की स्थिति बेहतर
जल संसाधन सह सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री संजय झा ने कहा कि डीएमसीएच से ही दरभंगा की पहचान। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना के बराबर डीएमसीएच को मानते हैं। उनकी सोच से ही आज यहां एम्स आकार ले रहा है। लोग उड़ान भर रहे हैं।
दरभंगा, जासं। जल संसाधन सह सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री संजय झा ने कहा कि आज भले ही एम्स और एयरपोर्ट की बात हो रही है, लेकिन डीएमसीएच से ही दरभंगा की पहचान है। इसे इग्नोर कर नया संस्थान कैसे आकार ले सकता है। इसका स्वर्णिम इतिहास रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना के बराबर डीएमसीएच को मानते हैं। उनकी सोच से ही आज यहां एम्स आकार ले रहा है। लोग उड़ान भर रहे हैं।
वे रविवार को डीएमसीएच केअतिथि गृह में चिकित्सकों से संवाद कर रहे थे। कहा कि प्रधानमंत्री ने उड़ान स्कीम के तहत बिहार में दो एयरपोर्ट आरंभ करने का फैसला लिया। मुख्यमंत्री ने दरभंगा का चयन किया। उड़ान योजना के सभी एयरपोर्ट में दरभंगा की स्थिति बेहतर है। दो वर्ष पूर्व सीएम ने तालकटोरा स्टेडियम में इसकी घोषणा की थी। तत्कालीन नागरिक उड्डयन मंत्री सुरेश प्रभु और सीएम ने आधारशिला रखी थी। मैं स्पाइस जेट के अधिकारियों को लेकर आया। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी होगी। अगले पांच साल में विकास के मामले में पटना के बाद दरभंगा दूसरा शहर होगा। बिहार में एयरपोर्ट की संख्या बढ़ी। निकट भविष्य में औद्योगिक संरचनाएं आकार लेगीं। इसके लिए बिहार सैन्य पुलिस को बदलकर बिहार सशस्त्र पुलिस किया गया। कानून लाया गया तो विपक्ष ने बिना पढ़े हंगामा किया। अब कोई नहीं बोल रहा। यह कानून सुरक्षा को पुख्ता बनाएगा। अभी एक कंपनी के विमान उड़ान भर रहे हैं। शीघ्र अन्य कंपनियोंं की सेवा शुरू होगी। जब दो- तीन कंपनियां सेवा देंगी तो किराया कम लगेगा।
बाढ़ से मिलेगी मुक्ति
जयनगर में बराज बना रहा है। दो तीन साल में यह बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बाद 60 फीसद पानी नियंत्रित होकर निकलेगा और बाढ़ से मुक्ति मिलेगी।
चंद्रनाथ मिश्र अमर को दी श्रद्धांजलि
साहित्यकार चंद्रनाथ मिश्र अमर के मिश्र टोला स्थित आवास पर मंत्री पहुंचे। उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। कहा कि उनकी कीर्ति देश -दुनिया में विख्यात है। उन्होंने अगस्त 1947 में शहर के एमएल एकेडमी से शिक्षण शुरू किया। उनके निधन से मुख्यमंत्री दुखी हैं। अमरजी के पढ़ाए लोग देश -दुनिया में नाम कर रहे हैं। उनकी यादों को संजोने के लिए काम करेंगे।