Muzaffarpur Flood News: मुजफ्फरपुर-पूसा मार्ग पर फिर मंडराने लगा खतरा, सकरा-मुरौल के कई गांवों में फैला बूढ़ी गंडक का पानी
Muzaffarpur Flood News पिलखी-सकरा मार्ग अवरुद्ध कई अन्य ग्रामीण सड़कों पर आवागमन बाधित। सकरा-मुरौल के कई गांवों में फैला बूढ़ी गंडक का पानी । घरों में पानी घुसने के बाद सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने लगे प्रभावित लोग।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। बूढ़ी गंडक ने बाढ़ में सकरा-मुरौल में तबाही मचाई थी। लोग पिछली बार आई बाढ़ से जबतक उबरने की कोशिश कर रहे थे, इतने में फिर से नदी में बाढ़ तबाही मचाने आ गई। फिलहाल नदी अभी उफान पर है। वहीं सकरा, मुरौल, मुशहरी समेत कई अन्य जगहों के लोग महमदपुर कोठी पर टकटकी लगाए हुए हैं। अपने सगे संबंधियों से पता लगा रहे हैं कि अभी महमदपुर कोठी में पानी की क्या स्थिति बनी हुई है। बाढ़ का पानी पिलखी, सादिकपुर मुरौल होते हुए सकरा, मुशहरी की तरफ बढ़ रहा है। लोगों के घरों में दोबारा पानी घुस गया। विस्थापित होने वाले लोग सुरक्षित स्थानों की तलाश कर रहे हैं।
मुजफ्फरपुर-पूसा मार्ग पर फिर खतरा मंडराने लगा है। सकरा वाजिद पंचायत के नरसिंहपुर, बगाही, रघुनाथपुर दोनवा पंचायत के भठंडी गांव में बाढ़ का पानी बढऩे लगा है। कई घरों में पानी घुसने से लोग सुरक्षित स्थान पर जाने लगे हैं जिससे जनजीवन अस्त व्यस्त हो चुका है। पिलखी पंचायत के बरही टोला के 250 परिवार नदी की धारा की रडार पर हैं। सभी के घरों में पानी घुस गया है। चुनाव आचार संहिता हो या फिर अन्य कारण स्थल पर कोई नहीं आ रहा। न जलसंसाधन विभाग के कर्मचारी और न कोई नेता।
बाढ़ की विभीषिका जनता खुद झेलने के लिए विवश है। बाढ़ के कारण पिलखी-सकरा मार्ग अवरुद्ध हो गया है। वहीं कई अन्य ग्रामीण सड़कों पर आवागमन बाधित हो गया है। भठंडी पुल पर पानी का दबाव बढऩे लगा है। उधर, मझौलिया गांव के वार्ड संख्या पांच व छह में जलजमाव के कारण लोगों को आने-जाने में कठिनाई हो रही है। ग्रामीणों ने जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग पंचायत के मुखिया से की है।