Westchamparan News: पूर्व मंत्री राजेश सिंह का Facebook अकाउंट हैक, हैकर ने की धन उगाही की कोशिश
बिहार सरकार के पूर्व मंत्री राजेश सिंह का फेसबुक अकाउंट हैक कर लिया गया है। साइबर अपराधियों द्वारा आइडी बनाकर गलत तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा है। पुलिस ने शुरू की जांच।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। बिहार सरकार के पूर्व मंत्री राजेश सिंह का फेसबुक अकाउंट हैक कर लिया गया है। साइबर अपराधियों द्वारा आइडी बनाकर गलत तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा है। 14 अगस्त को जानकारी के बाद पूर्व मंत्री ने इसकी शिकायत स्थानीय थाना सहित जिले के पुलिस पदाधिकारियों को दी। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूर्व मंत्री राजेश सिंह ने धनहा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। आवेदन में बताया गया है कि पिछले कुछ दिनों से उनके नाम से फेसबुक आइडी बनाकर उसका गलत उपयोग किया जा रहा है। फर्जी आइडी से लोगों के पास फ्रेंड रिक्वेस्ट भेज कर धन उगाही की कोशिश हो रही है। 14 अगस्त को जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को अवगत कराया। बताया कि उनका एकमात्र फेसबुक आइडी राजेश सिंह पूर्व मंत्री के नाम से है। जबकि हैकर ने राजेश सिंह मंत्री और राजेश सिंह पूर्व विधायक के नाम से फर्जी फेसबुक आइडी बनाकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। थानाध्यक्ष शंभू शरण गुप्ता ने बताया कि पूर्व मंत्री राजेश सिंह के आवेदन पर धनहा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।