समस्तीपुर के विभूतिपुर में अपराधियों ने युवक को मारी गोली, मामले की छानबीन में जुटी पुलिस
विभूतिपुर थाना क्षेत्र की गंगौली मंदा पंचायत में अपराधियों ने एक एक युवक को गोली मार दी। गोली उसके हाथ में लगी। फायरिंग की आवाज के बाद हल्ला होने पर लोग जुट गए।
समस्तीपुर, जेएनएन। विभूतिपुर थाना क्षेत्र की गंगौली मंदा पंचायत के वार्ड 11 में गुरुवार को पैदल आए अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली उसके हाथ में लगी। फायरिंग की आवाज के बाद हल्ला होने पर लोग जुट गए। पीछा कर गांव के निकट ही आजाद चौक के पास एक हमलावर को पकड़ लिया। उसी ने युवक पर गोली चलाई थी। लोगों ने जमकर धुनाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल युवक मुकुंद कुमार उर्फ भंगिया रामयश साह का पुत्र है। वह बच्चों को कोचिंग-ट्यूशन कराता है। स्वजन ने उसे इलाज के लिए बेगूसराय स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। प्राथमिक उपचार के साथ ही चिकित्सकों ने गोली निकाल निकाल दी।
बताया जा रहा कि कि युवक अपने दरवाजे के समीप टहल रहा था। तभी, अपराधी आ धमके। उनमें शामिल एक युवक ने घटना को अंजाम दिया और पिस्टल अपने सहयोगियों की तरफ फेंककर भागने लगा। गोली की आवाज सुनकर दौड़े लोगों को देखकर उसके अन्य सहयोगी पिस्टल लेकर भाग निकले। जबकि, आरोपित पकड़ा गया। उसकी पहचान की जा रही। थानाध्यक्ष कृष्णचंद्र भारती ने बताया कि एक हमलावर को ग्रामीणों ने पुलिस को सौंपा है। आवेदन की प्रतीक्षा की जा रही। किसी बात को लेकर आपसी विवाद में घटना को अंजाम देने की बात कही जा रही। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।