हत्या मामले में गिरफ्तार आरोपित के नाखून से मिला कपड़े का टुकड़ा, जांच में जुटी पुलिस Muzaffarpur News
मुजफ्फरपुर के ब्रह्मापुरा थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में बुधवार की रात किशोरी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत मामले में गिरफ्तार आरोपित के नाखून से कपड़े का टुकड़ा मिला है।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। ब्रह्मापुरा थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में बुधवार की रात किशोरी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत मामले में गिरफ्तार एक आरोपित के नाखून से कपड़े का टुकड़ा मिला है। गुरुवार को ब्रह्मापुरा थाना पर जांच करने पहुंची एफएसएल की टीम ने आरोपित के नाखून से इसे निकाल कर जांच के लिए रख लिया। इससे पूर्व टीम ने किशोरी के घर पहुंचकर छानबीन की। कमरे में जांच की गई।
घटना के समय जिस कपड़े को किशोरी ने पहना था, उसका टुकड़ा जांच के लिए लिया। आरोपित के नाखून से मिले टुकड़े को किशोरी के कपड़े से मिलान कराया जाएगा। अगर रिपोर्ट में दोनों टुकड़ा एक पाया गया तो यह आरोपित के खिलाफ ठोस साक्ष्य होगा। टीम के सदस्य ने बताया कि अभी कुछ भी कहना अतिश्योक्ति होगी। दोनों कपड़ों का टुकड़ा अलग-अलग है या एक है, यह रिपोर्ट आने के बाद पता लगेगा। इधर, किशोरी की मां ने एक आरोपित को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।
आशंका जताई की गलत नीयत से वह उनकी पुत्री के कमरे में खिड़की से घुसा होगा। अपने मंसूबे में सफल नहीं होने पर उसकी हत्या कर खिड़की तोड़ कर भाग गया होगा। दरवाजा भीतर से बंद होने पर पुलिस को शक हो कि उसने खुदकशी कर ली है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरोपित नाबालिग बताया गया है। उसके उम्र का सत्यापन किया जा रहा है।
सगे भाई हिरासत में
बुधवार की रात किशोरी का शव बंद कमरे में पाया गया था। लेकिन, कमरे की खिड़की टूटी हुई थी। स्वजन ने दरवाजा तोड़कर देखा तो वह मृत पाई गई। उसकी मां के बयान के आधार पर पुलिस ने दो सगे भाईयों को हिरासत में लिया। दोनों राजमिस्त्री के पुत्र हैं और यही काम भी करते हैं। वे पूर्वी चंपारण के चकिया के रहने वाले हैं।
थानाध्यक्ष विश्वनाथ राम ने नामजद आरोपित के मोबाइल का वाट्सएप खंगाला। इसमें किशोरी के नंबर पर की गई चैटिंग का पता लगा। देखा गया कि किशोरी ने भी कई बार उसे मैसेज भेजा था। दोनों के बीच काफी बातचीत होती थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रेम प्रसंग की बिंदु पर भी छानबीन चल रही है। वाट्सएप चैटिंग से कई अहम सुराग मिले हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबने से हत्या की बात
किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना घटी है या नहीं इसकी जांच के लिए सैंपल पैथेलोजी में भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में गला में फंदा लगाने से मौत होने का पता लगा है। टीशू को जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।