दंपती को बंधक बनाकर लूटपाट करने के आरोपित की होगी गिरफ्तारी Muzaffarpur News
नगर डीएसपी ने पर्यवेक्षण रिपोर्ट में केस को बताया सत्य। गिरफ्तारी नहीं होने पर कुर्की की करें कार्रवाई पूर्व जांचकर्ता पर भी की टिप्पणी।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। अघोरिया बाजार में दंपती का हाथ-पैर बांध पिस्टल के बल पर घर में लूटपाट करने की घटना में नामजद आरोपित की गिरफ्तारी होगी। इस संबंध में नगर डीएसपी ने पर्यवेक्षण रिपोर्ट जारी कर आदेश निकाला है। इसमें नामजद आरोपित नवीन कुमार को अविलंब गिरफ्तार करने का आदेश जांचकर्ता जमादार देवानंद राम को दिया है।
गिरफ्तारी नहीं होने पर कुर्की की कार्रवाई का भी निर्देश जारी हुआ है। आदेश मिलने के साथ ही जांचकर्ता ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया गया कि 2017 में अघोरिया बाजार के योगेंद्र उपाध्याय के घर पर आरोपित ने अपने सैंकड़ों साथियों के साथ हमला बोल दिया था।
पीडि़त और उनकी पत्नी का हाथ-पैर बांध कर बंधक बना लिया गया। पिस्टल के बल पर जबरन चहारदीवारी का निर्माण किया गया। घटना के बाद पीडि़त दंपती ने काजीमोहम्मदपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में नगर डीएसपी ने गिरफ्तारी आदेश जारी किया है।
जांचकर्ता की शिथिलता आई थी सामने
डीएसपी ने पर्यवेक्षण रिपोर्ट में यह भी जिक्र किया है कि 26 फरवरी 2018 तक इस केस की जांच काजीमोहम्मदपुर थाना के दारोगा रामविजय सिंह ने की। उनके बाद जमादार प्रमोद कुमार सिंह को जांच का जिम्मा सौंपा गया। लेकिन, उन्होंने पर्यवेक्षण टिप्पणी और प्रतिवेदन-दो का जिक्र कांड दैनिकी में नहीं किया। काफी समय तक जांचकर्ता रहने के बावजूद कांड में कोई भी प्रगति नहीं हुई। इससे उनकी शिथिलता का साफ पता लगता है। उनका तबादला होने के बाद देवानंद राम को जांचकर्ता बनाया गया। उन्होंने कांड दैनिकी में उक्त बातों का जिक्र किया है। साथ ही गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने का भी उल्लेख किया है।