Chhath Puja 2019 : घाटों पर सफाई के साथ प्रकाश एवं सुरक्षा की व्यवस्था करेगा निगम Muzaffarpur News
छठ घाटों की तैयारी को निगम ने तैयार की कार्ययोजना युद्ध स्तर पर होगा काम। नगर आयुक्त ने कार्ययोजना के तहत निगमकर्मियों को सौंपी जिम्मेवारी तय किए गए लक्ष्य।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। नगर निगम शहरी क्षेत्र स्थित दो दर्जन छठ घाटों एवं पहुंच पथों की साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश एवं सुरक्षा की व्यवस्था करेगा। इस दौरान शहर में साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान देगा। इसके लिए नगर निगम ने कार्ययोजना तैयार कर लिया है। नगर आयुक्त मनेश कुमार मीणा ने कार्ययोजना के अनुसार अभियंता से लेकर वार्ड जमादार तक को जिम्मेवारी सौंप दी है। विभिन्न घाटों की सफाई व्यवस्था का दायित्व अंचल निरीक्षकों को दी गई है।
पूजा से पहले घाटों को तैयार करने का लक्ष्य
नगर आयुक्त ने छठ पूजा से पूर्व शहर के सभी घाटों को तैयार करने का लक्ष्य सौंपा है। सभी घाटों की साफ-सफाई की जाएगी। पोखरों में जमा अतिरिक्त पानी को निकाला जाएगा। नदी घाटों पर खतरे का निशान लगाया जाएगा। तालाबों में जमा कुंभी को निकाला जाएगा। घाटों के पहुंच मार्ग को दुरूस्त किया जाएगा।
प्रकाश एवं पेयजल की होगी व्यवस्था
नगर निगम छठ घाटों पर प्रकाश एवं पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराएगा। पहुंच पथों को भी रोशन किया जाएगा। घाटों पर चलंत शौचालय रखे जाएंगे। पानी टैंकर से पेयजल की व्यवस्था होगी। वहीं, नदी घाटों पर निगम द्वारा कंट्रोल रूम का निर्माण किया जाएगा।
इन घाटों पर होगी निगम की व्यवस्था
अखाड़ाघाट, आश्रम घाट, सिकंदरपुर सीढ़ी घाट, लकड़ीढाई घाट, चंदवारा घाट, तीन पोखरिया पोखर, साहू पोखर, रामदयालु पोखर, बेला पोखर, कन्हौली मठ पोखर, मालीघाट, पड़ाव पोखर, विश्वविद्यालय पोखर, बीबी गंज पोखर, रेलवे पोखर, करबला पोखर, करबला पोखर, परिवार नियोजन घाट, आईजी घाट, किला घाट, निषाद पथ घाट, कलावती घाट, शुकन सहनी घाट, दादर घाट, साहेब घाट, कुंडल धोबी घाट, रामेश्वर सिंह कॉलेज घाट, श्याम सिनेमा घाट, ब्रह्मपुरा पोखर।
इनको सौंपी गई है घाटों के तैयार करने की जिम्मेवार
- सिकंदरपुर सीढ़ी घाट : कनीय अभियंता राज कुमार पासवान, सहायक सुनिल कुमार सिन्हा, अंचल निरीक्षक दशई राम
- अखाड़ाघाट : सहायक अभियंता नंद किशोर ओझा, सहायक रवि कुमार वर्मा, अंचल निरीक्षक दशई राम
- आश्रम घाट : सहायक नंद किशोर ओझा, टैक्स दारोगा राम नरेश प्रसाद यादव एवं अंचल निरीक्षक दशई राम
- लकड़ीढाई घाट : सहायक अभियंता नंद किशोर ओझा, स्वास्थ्य शाखा प्रभारी रामवृक्ष राम, अंचल निरीक्षक रवि कुमार
- चंदवारा घाट : कनीय अभियंता कुमार गौरव, पाइन लाइन निरीक्षक जल कार्य धमेंद्र चौधरी, अंचल निरीक्षक अंजीन कुमार सिन्हा
- तीन पोखरिया पोखर : कनीय अभियंता कुमार गौरव, भंडारपाल जलकार्य शाखा दीपक कुमार, अंचल निरीक्षक अंजनी कुमार सिन्हा
- साहू पोखर : सहायक अभियंता निशांत, टैक्स दारोगा नूर आलम एवं अंचल निरीक्षक मनोज सिंह
सभी घाटों पर तैनात होंगे गोताखोर, होगी बैरीकेडिंग
जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष ने कहा है कि जिले के सभी छठ घाटों पर गोताखोर तैनात किए जाएंगे। हर हाल में सुरक्षात्मक लिहाज से बैरीकेडिंग होगी। इसके अतिरिक्त जरूरत के हिसाब से तमाम तैयारियों को दुरुस्त कर लेना है। सोमवार को उक्त निर्देश डीएम ने समाहरणालय में सभी प्रखंडों के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में दिए। बैठक के अन्य विषयों पर छठ पूजा में सुरक्षा इंतजाम का मुद्दा अहम रहा।
डीएम ने कहा- उच्च न्यायालय व लोकायुक्त के लंबित मामलों के प्रति अधिकारी गंभीर हो। लोक शिकायत निवारण अधिनियम के तहत आनेवाले मामलों का निष्पादन समय पर करें। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) व शौचालय निर्माण की प्रगति समीक्षा करने के बाद अधिकारियों को कहा कि इन दोनों योजनाओं के महत्व को देखते हुए ज्यादा से ज्यादा लोगों को आसानी से सुविधा मुहैया कराएं।
शौचालय निर्माण के बाद दी जानेवाली प्रोत्साहन राशि का भुगतान समय पर करें। साथ ही इसकी जियो टैगिंग भी अनिवार्य रूप से करें। मौके पर एडीएम आपदा, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सीओ व अन्य मौजूद रहे।