Coronavirus News Update: उत्तर बिहार में बढ़ रहे कोरोना संक्रमित, दो दिन में मिले 16 मरीज
Coronavirus News Update लगातार बढ़ रही संख्या बाहर से आने वालों पर नजर। शिवहर में 15 फरवरी के बाद पंजाब से आए दो संक्रमित मिले। दो दिनों के अंदर यहां 16 नए मरीज मिले हैं। एक्टिव केस की संख्या 66 है। मुजफ्फरपुर में बुधवार को दो संक्रमित मिले।
मुजफ्फरपुर, जाटी। उत्तर बिहार में कोरोना संक्रमितों की संख्या एक बार फिर बढऩे लगी है। बाहर से आ रहे लोग संक्रमित मिल रहे हैं। इससे चिंता बढ़ गई है। दो दिनों के अंदर यहां 16 नए मरीज मिले हैं। एक्टिव केस की संख्या 66 है। मुजफ्फरपुर में बुधवार को दो संक्रमित मिले। यहां कुल 14 एक्टिव केस हैं। सभी मरीज इसी महीने मिले हैं। पश्चिम चंपारण में बुधवार को दो कोरोना पॉजिटिव मिले। मंगलवार को एक संक्रमित मिला था। इससे इनकी संख्या बढ़कर तीन हो गई है।
शिवहर में दो कोरोना संक्रमित मिले। दोनों होली को लेकर पंजाब से घर लौटे हैं। चेकपोस्ट पर जांच में पॉजिटिव पाए गए। दोनों को आइसोलेट किया गया है। इससे पहले जिले में 15 फरवरी के बाद से कोरोना का एक भी केस एक्टिव नहीं था। समस्तीपुर में दो एक्टिव मरीज हैं। इनमें एक मंगलवार को मिला था। मोतिहारी में कुल 23 एक्टिव केस हैं। इनमें तीन मरीज बुधवार को मिले। दरभंगा में 14 संक्रमित हैं। मंगलवार और बुधवार को पांच मरीज मिले। मधुबनी में आठ एक्टिव केस हैं। यहां सोमवार को एक संक्रमित मिला था।
दिल्ली व अन्य राज्यों से आने वाली बसों में मास्क व शारीरिक दूरी का उल्लंघन
मुजफ्फरपुर : कोरोना का संक्रमण एक बार फिर बढऩे लगा है। इसको लेकर सरकार ने मास्क व शारीरिक दूरी को अनिवार्य किया है। खासकर अन्य प्रदेशों से आने वालों को लेकर सतर्कता व जांच के आदेश दिए गए हैं। सरकार के इस आदेश का बसों व पड़ाव में उल्लंघन किया जा रहा है। बसों में यात्री बिना मास्क के सफर कर रहे हैं। वहीं, चालक-कंडक्टर भी इसको नजरअंदाज कर रहे हैं। दिल्ली समेत अन्य प्रदेशों से प्रतिदिन काफी संख्या में लोग बस से जिले में आ रहे हैं। इन बसों में भी कोरोना गाइडलाइन को नजरअंदाज किया जा रहा है। इससे एक बार फिर संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। पुलिस-प्रशासन द्वारा जांच नहीं होने से मास्क को नजरअंदाज किया जा रहा है। बैरिया बस पड़ाव में प्रतिदिन तीन से चार दर्जन बसें दिल्ली से आ रही हैं। इनमें मास्क व शारीरिक दूरी का उल्लंघन किया जा रहा है। यही स्थिति अन्य बसों के यात्रियों की भी है।