शिवहर के कोरोना संक्रमितों को नहीं मिल रही जिंक की गोली, मरीजों की शिकायत पर डीएम गंभीर
Sheohar News कोरोना संक्रमितों के इलाज में प्रयुक्त जिंक की गोली का जिले में अभाव है। मरीजों की शिकायत पर डीएम गंभीर सिविल सर्जन को दिया स्थानीय बाजार से जिंक की गोली की खरीदारी का निर्देश।
शिवहर, जागरण संवाददाता। कोरोना संक्रमितों के इलाज में प्रयुक्त जिंक की गोली का जिले में अभाव है। यही वजह हैं कि, स्वास्थ्य विभाग द्वारा इलाज के लिए संक्रमितों को दी जा रही दवाओं से संबंधित किट में जिंक की गोली का अभाव है। बकौल सिविल सर्जन राज्य मुख्यालय द्वारा ही जिंक की गोली की आपूर्ति नहीं की गई है। लगभग पूरे बिहार के बाजारों में इस दवा की किल्लत है। हालांकि, संक्रमितों की शिकायत पर डीएम सज्जन राजशेखर ने नाराजगी व्यक्त की है। वहीं कहा हैं कि, जिंक के लिए राज्य मुख्यालय का इंतजार नहीं करें। स्थानीय स्तर पर इसकी खरीदारी कर संक्रमितों को दवा उपलब्ध कराए।
डीएम ने राज्य स्वास्थ्य समिति द्वारा तय सभी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है। डीएम ने कहा हैं कि, कोरोना संक्रमण की स्थिति बेहद खराब है। इसका प्रसार तेजी से फैल रहा है। रिकवरी रेट में वृद्धि भी जरूरी है। ऐसे में संक्रमितों का बेहतर उपचार और तमाम जरूरी दवाएं उपलब्ध कराए। बताते चलें कि, कोरोना संक्रमितों को कुल छह प्रकार की दवाओं का किट दिया जाता है। इसमें डॉक्सीसाइक्लिन, एजिथ्रोमाइसीन, पैरासीटामोल, जिंक, विटामिन सी और बी-काम्प्लेक्स शामिल है। इनमें शिवहर में एजिथ्रोमाइसिन विशेष परिस्थिति में दी जा रही है।
वहीं सामान्य संक्रमितों को चार प्रकार की दवाएं ही दी जा रही है। जिसमें जिंक की गोली का अभाव है। सिविल सर्जन के अनुसार मुख्यालय से ही इसकी आपूर्ति नहीं की गई थी। सीएस द्वारा इसकी खरीदारी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसी बीच मामला डीएम तक पहुंच गया। लिहाजा, डीएम ने जिंक की गोली की अविलंब खरीदारी का आदेश दिया हैं। वैसे शिवहर जिले की दवा मंडियों में भी जिंक की गोली का अभाव है।