बिजली बिल नहीं देने पर मुजफ्फरपुर के ढोली सेक्शन के 13 हजार लोगों का काटा कनेक्शन
प्रह्लादपुर में जवाहर सहनी पर 29 हजार से अधिक बकाया होने पर फरवरी 2021 में बिजली काट दी गई। वह भी चोरी से जला रहे थे। बेदौलिया में महेश सहनी का कनेक्शन 24 हजार से अधिक पर मार्च 2021 में काटा गया। वह भी चोरी से जलाते पकड़े गए।
मुजफ्फरपुर, जासं। बिजली बिल बकाए और बिजली चोरी के खिलाफ जिले में व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसकी कड़ी में पूर्वी डिवीजन के ढोली सेक्शन में अधिकारियों ने 13242 बकाएदारों का कनेक्शन काटा है। ढोली एसडीओ विकास कुमार के अनुसार ढोली में 3325 कनेक्शन, बंदरा में 3557 लोगों का तथा मुशहरी में 6360 लोगों का कनेक्शन काटा गया है। वहीं ढोली के तीनों सेक्शन मिलाकर साढ़े तीन लाख से अधिक बकाया है। वहीं, 16 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मुशहरी में कई लोगों पर बिजली चोरी की प्राथमिकी
मुशहरी के कनीय अभियंता विशाल कुमार के नेतृत्व में नरौली गांव में जयनंदन महतो के घर पर बिजली की जांच की गई। उनके ऊपर 60 हजार से अधिक बकाया पर अक्टूबर में 2020 में बिजली कनेक्शन काट दी गई। उसके बाद ये चोरी से बिजली जला रहे थे। सुरेश भगत के यहां जांच में पाया कि 54 हजार से अधिक बकाया पर लाइन काट दिया गया। बाद में चोरी से बिजली जलाने लगे। प्रह्लादपुर में जवाहर सहनी पर 29 हजार से अधिक बकाया होने पर फरवरी 2021 में बिजली काट दी गई। वह भी चोरी से जला रहे थे। बेदौलिया में महेश सहनी का कनेक्शन 24 हजार से अधिक पर मार्च 2021 में काटा गया। वह भी चोरी से जलाते पकड़े गए। सभी के खिलाफ जुर्माने के साथ मुशहरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
बिजली चोरी में छह पर प्राथमिकी, जुर्माना
औराई (मुजफ्फरपुर), संस : विद्युत ऊर्जा चोरी के विरुद्ध विशेष छापेमारी एवं राजस्व संग्रहण हेतु विद्युत विच्छेदन अभियान के अंतर्गत सहायक विद्युत अभियंता विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल एसकेएमसीएच जयनारायण प्रसाद के नेतृत्व में छापेमारी की गई। छह लोगों को अवैध रूप से विद्युत ऊर्जा चोरी करते हुए पाया गया। इनपर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए जुर्माना लगाया गया। आरोपितों में बेदौल असली गांव के कर्मवीर प्रसाद यादव, कमेन्द्र ठाकुर, रामाधार राय, शत्रुघ्न ठाकुर, राजीव कुमार व गोपालपुर गांव के नवीन ठाकुर शामिल हैं। छापेमारी दल में कनीय विद्युत अभियंता अजीत कुमार सिंह, राहुल कुमार, अवधेश साह, कुलदीप सिंह शामिल थे।