Bihar Assembly Elections 2020: बिहार क्रांति वर्चुअल महासम्मेलन में कांग्रेस नेताओं ने सरकार को जमकर कोसा
दरभंगा जिला कार्यालय समेत सभी दस विधानसभा क्षेत्रों में हुआ बिहार क्रांति वर्चुअल महासम्मेलन का आयोजन। बोले कांग्रेसी-मुख्यमंत्री ने किया बिहार की जनता का अपमान
दरभंगा, जेएनएन। बिहार कांग्रेस के प्रभारी सचिव अजय कपूर ने कहा है कि बिहार की जनता की मुख्यमंत्री ने अपमान किया है। उन्होंने सीएम नीतीश कुमार से पूछा कि आपने कांग्रेस-राजद के साथ आकर बीजेपी के खिलाफ चुनाव लड़ा था। बिहार की जनता ने आपको बीजेपी के खिलाफ बहुमत दिया। लेकिन, आपने बीजेपी के साथ सरकार बनाकर बिहार की जनता का अपमान कर दिया।
वे कांग्रेस की बिहार क्रांति वर्चुअल महासम्मेलन के क्रम में रविवार को दरभंगा जिले की सभी दसों विधानसभा क्षेत्र सहित बलभद्रपुर स्थित •िाला कांग्रेस कार्यालय में वर्चुअल रैली को संबोधित कर रहे थे। वर्चुअल रैली में दिल्ली, पटना और दरभंगा से एक साथ जुडऩे के बाद नेताओं का संबोधन शुरू हुआ।
मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा कि बिहार में होनेवाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस गठबंधन की सरकार बननी तय है। नीतीश कुमार ने बिहार को बर्बाद करके छोड़ दिया है। केंद्र की मोदी सरकार और प्रधानमंत्री मोदीजी ने देश के किसान औऱ नौजवानों को उनके हाल पर छोड़ दिया है। सि$र्फ अपने उद्योगपति मित्रों को लाभ पहुंचाने का काम कर रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने कहा कि बिहार की जनता इसबार नीतीश कुमार को सबक सिखाने के लिए बेताब दिख रही है। इस बार उन्हें सबक मिलकर रहेगा। कैंपेन कमेटी के चेयरमैन डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि बिहार की जनता इसबार परिवर्तन के लिए पूरी तरह से तैयार है। बिहार में इस बार सिर्फ घोषणाएं नहीं चलेंगी।
रैली को प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष श्याम सुंदर सिंह धीरज, डॉ. अशोक कुमार, समीर कुमार सिंह, पर्यवेक्षक आभा सिंह के अलावा दरभंगा से जिलाध्यक्ष सीताराम चौधरी, जिला उपाध्यक्ष मो. असलम, पालन चौधरी, पंडित रामनारायण झा, अधिवक्ता अंबर इमाम हाशमी, जाले के पूर्व विधायक ऋषि मिश्रा, प्रतिभा सिंह, महिला कांग्रेस कमेटी की जिलाध्यक्ष पूनम झा, रीता मिश्रा, डॉ. बैद्यनाथ झा बैजू, परमानंद झा, अरुण कुमार झा, सज्जाद खान, प्रो. मिथिलेश पासवान, युवा नेता सैयद तनवीर अनवर, राहुल झा, दयानंद पासवान, मनोज कुमार भारती, दिनेश गंगनानी, प्रो.शिवनारायण पासवान, डॉ. सुरेश राम आदि ने भी रैली को संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सीताराम चौधरी व धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष मो. असलम ने किया।