Weather Update: उत्तर बिहार में दिनभर जारी रहा धूप- छांव का खेल, शाम ढ़लते ही बढ़ी कनकनी
रविवार से कुहासे में होगी बढ़ोतरी देर से निकलेगी धूप। मौसम वैज्ञानिक ने बताया तापमान लगभग सामान्य की अवस्था में आ गया है। अधिकतम 19.5 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। उत्तर बिहार में शनिवार को भी ठंड का असर रहा। दिनभर धूप- छांव का खेल जारी रहा। शाम ढलते ही कनकनी बढ़ गई। सीतामढ़ी समेत कई स्थानों पर बूंदाबांदी भी हुई। ठंड के असर से समस्तीपुर में एक महिला की मौत हो गई।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विवि पूसा ( समस्तीपुर) के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार से उत्तर बिहार में हल्का से मध्यम कुहासा रहेगा। लेकिन, देर से धूप भी निकलेगी। मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए सत्तार ने कहा कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान लगभग सामान्य की अवस्था में आ गया है। सामान्य से अधिकतम तापमान 3.8 डिग्री कम है। शनिवार को अधिकतम तापमान 19.5 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। बताया कि रविवार से सात -आठ किमी की रफ्तार में पछिया हवा चलेगी। वहीं, अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।