Weather Forecast: उत्तर बिहार में अभी छाए रहेंगे बादल, सामान्य से अधिक रहेगी ठंड
22-26 जनवरी तक के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आठ से 10 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चलेगी पछिया हवा। सापेक्ष आद्र्रता सुबह में 80 से 85 प्रतिशत रहने की संभावना। जानिए पूर्वानुमान...
समस्तीपुर, जेएनएन। उत्तर बिहार के जिलों में हल्के बादल छाए रहेंगे। आमतौर पर मौसम शुष्क रहेगा। 22 जनवरी की सुबह में घना कुहासा छा सकता है।यह अनुमान डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा स्थित मौसम विभाग ने जारी किया है। 22-26 जनवरी तक के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, इस अवधि में अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम सात से नौ डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सामान्य से थोड़ी अधिक ठंड रह सकती है।
पूर्वानुमानित अवधि में औसतन आठ से 10 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से पछिया हवा चलने का अनुमान है। मंगलवार का अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार की तिथि में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री कम और न्यूनतम सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। सापेक्ष आद्र्रता सुबह में 80 से 85 प्रतिशत तथा दोपहर में 65 से 70 प्रतिशत रहने की संभावना है।
विगत मौसम पूर्वानुमान अवधि के अनुसार, पिछले तीन दिनों का औसत अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 19.9 व 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा। औसत सापेक्ष आद्र्रता 90 प्रतिशत सुबह में व दोपहर में 78 प्रतिशत, हवा की औसत गति 5.0 किमी प्रति घंटा व दैनिक वाष्पण 1.3 मिमी तथा सूर्य प्रकाश अवधि औसतन 2.5 घंटा प्रतिदिन रिकॉर्ड किया गया। इस अवधि में मौसम शुष्क रहा। रात एवं सुबह में घना कुहासा देखा गया।
किसानों के लिए जारी समसामयिक सुझाव
मौसम के उतार-चढ़ाव में हल्दी एवं ओल की तैयार फसलों की खोदाई प्राथमिकता से करें। बसंतकालीन ईख की रोपाई के लिए मौसम अनुकूल हो रहा। खेत की तैयारी करें। गेहूूं की फसल में खर-पतवार नियंत्रण के कार्य को प्राथमिकता दें। आलू की अगात प्रभेद की तैयार फसलों की खोदाई कर लें। गरमा मौसम की सब्जियों जैसे ङ्क्षभडी, कद्दू, कदिमा, करेला, खीरा एवं नेनुआ की बोआई के लिए खेत की तैयारी करें। दुधारू पशुओं को हरे एवं शुष्क चारे के मिश्रण के साथ नियमित रूप से 50 ग्राम नमक, 50 से 100 ग्राम खनिज मिश्रण प्रति पशु एवं दाना खिलाएं।