छठ घाटों की सफाई बनी चुनौती, निगम ने झोंकी ताकत Muzaffarpur News
कार्ययोजना के अनुसार निगम ने शुरू किया काम सफाई के बाद होगा चूना एवं गेमेक्सीन पाउडर का छिड़काव। नगर आयुक्त स्वयं रख रहे कार्य पर निगरानी।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। दीपावली के बाद अब नगर निगम के लिए शहर के साथ छठ घाटों की साफ-सफाई बड़ी चुनौती बनी हुई है। गली-मोहल्लों के साथ घाटों की साफ-सफाई पर निगम ने अपनी संपूर्ण ताकत झोंक दी है। शहर में तीन दर्जन तालाब-पोखरों, नदी एवं कृत्रिम घाटों पर छठ व्रती भगवान भास्कर को अध्र्य देंगे। निगम ने इन स्थानों की साफ-सफाई एवं अन्य सुविधा बहाली के लिए कार्ययोजना बनाकर काम शुरू कर दिया है। सुविधा बहाली को निगम ने पदाधिकारियों एवं प्रभारियों की पूरी टीम लगा दी है। नगर आयुक्त मनेश कुमार मीणा स्वयं चल रहे कार्यो पर निगरानी रख रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने घांटों पर पहुंच चल रहे कार्यो को देखा। शहर से निकलने वाले कचरे को ही ठिकाने लगाने में हांफ रहे निगम को पोखरों की साफ-सफाई के लिए दम लगाना पड़ रहा है।
समय पर तैयार कर लिए जाएंगे सभी घाट
नगर आयुक्त ने शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। कहा कि समय पर सभी घाटों को तैयार लिया जाएगा। साफ-सफाई काम तेज कर दिया गया है। पहुंच पथों की मरम्मत का काम भी साथ-साथ किया जा रहा है। निगम शहर के तीन दर्जनों घाटों की साफ-सफाई कर रहा है।
सफाई के बाद घाटों एवं पहुंच पथों में चूना एवं गेमेक्सीन पाउडर का छिड़काव किया जाएगा। प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी। निगम द्वारा नदी घाटों पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा। दो-दो नाव एवं गोताखोर की व्यवस्था होगी। घाटों पर खतरे का निशान लगाया जाएगा। पीने के पानी को पानी टैंकर घाटों पर दिए जाएंगे। चलंत शौचालय की व्यवस्था घाटों पर रहेगी।
पहुंच पथों से निर्माण सामग्री हटाने को लिखा पत्र
नगर आयुक्त ने कनीय, सहायक एवं कार्यपालक अभियंताओं को पत्र लिखकर घाटों के पहुंच पथों पर चल रहे निर्माण कार्य छठ पूजा तक स्थगित रखने एवं सड़क पर पड़े निर्माण सामग्री को एक तरफ करने का निर्देश दिया गया है। सड़क पर रखे गए मलबा को हटाने को कहा है।