पूर्वी चंपारण के चकिया में आस्था स्थल पर काला झंडा लगाने को लेकर झड़प व पथराव, पुलिसकर्मी समेत कई चोटिल
पूर्वी चंपारण के चकिया की घटना। अहिरौलिया गांव स्थित एक आस्था स्थल पर काला झंडा लगाने पर हुआ विवाद। तनाव की सूचना पर डीएम-एसपी ने गांव का जायजा लिया।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। चकिया शहर से सटे अहिरौलिया गांव स्थित एक आस्था स्थल पर काला झंडा लगाने को लेकर दो पक्षों में झड़प हो गई। इस दौरान हुए पथराव में पुलिसकर्मी समेत कई लोग चोटिल हो गए। सूचना पर एसडीओ बृजेश कुमार के नेतृत्व में पहुंची कई थानों की पुलिस ने शांत कराया। तनाव की सूचना पर डीएम शीर्षत कपिल अशोक, एसपी नवीनचंद्र झा ने गांव का जायजा लिया। लोगों से पूछताछ की।
इस दौरान भीड़ में ंखड़े लोगों को पुलिस ने हटने को कहा। नहीं हटने पर हल्का बल प्रयोग किया। डीएम - एसपी ने कहा कि दोषियों को चिह्नित कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। तनाव को लेकर गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
बताया गया कि बुधवार रात आस्था स्थल पर शरारती तत्वों ने बड़ा काला झंडा लगा दिया। गुरुवार को दूसरे पक्ष ने हटाने को कहा तो झड़प हो गई। दोनों पक्षों के सैकड़ों लोग जुटे और पथराव करने लगे। पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को तितर बितर किया। पुलिस को आते देख काला झंडा को उतार दिया गया।