Road Accident in Madhubani: पूर्णिया से दिल्ली जा रही बस डंफर से टकराई, महिला की मौत, कई घायल
पूर्णिया से दिल्ली जा रही एक बस गुरुवार की रात एनएच 57 पर सकरी स्थित झंझारपुर-मधुबनी कट के निकट डंफर से टकरा गई। इस दुर्घटना में बस पर सवार एक महिला की मौत हो गई।
मधुबनी, जेएनएन। पूर्णिया से दिल्ली जा रही एक बस गुरुवार की रात एनएच 57 पर सकरी स्थित झंझारपुर-मधुबनी कट के निकट डंफर से टकरा गई। इस दुर्घटना में बस पर सवार एक महिला की मौत हो गई। बस चालक सहित कई सवारी घायल हुए हैं। मृतका की पहचान पूर्णिया श्रीनगर निवासी साजन ऋषि की 22 वर्षीय पत्नी आशा देवी के रूप में हुई है। महिला अपने पति व बच्चे के साथ पूर्णिया से दिल्ली जा रही थी। दुर्घटना के समय महिला का एक साल का बेटा उसकी गोद में था जो ठोकर लगने के बाद दूर जा गिरा। गनीमत रहीं कि बच्चे को कोई हानि नहीं हुई। बस चालक पूर्णियां के दियालगंज निवासी अमित कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें डीएमसीएच रेफर किया गया है।
वहीं, मधेपुरा सिंघेश्वर स्थान निवासी पवन कुमार सिंह व समस्तीपुर कल्याणपुर निवासी मुकेश यादव समेत करीब एक दर्जन बस यात्री घायल हुए हैं। इनमें से कुछ का इलाज डीएमसीएच में चल रहा है, जबकि कई घायल इलाज करा पूर्णिया वापस चले गए। मृतका के पति साजन ऋषि ने बताया कि बस में करीब 60 से 70 यात्री सवार थे। कट के पास डंफर अचानक से मुड़ गया जिससे यह हादसा हुआ। वह अपनी पत्नी और बच्चे के साथ दिल्ली जा रहा था जहां वह मजदूरी करता है।
बताया जाता है कि बस में अधिकांश सवारी पूर्णिया व किशनगंज जिला के थे। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि आवाज सुनते ही आसपास के लोग दौड़ पड़े और तत्काल घायलों को सकरी के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। मृतका का शव अभी भी सकरी के एक निजी अस्पताल में पड़ा है। पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है।