मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में दो वर्ष से बंद अभिलेखागार का खुला ताला
विगत दो वषरें से मुशहरी के राजस्व अभिलेखागार में सील 15 हजार अभिलेखो के इन्वेंटरी चार्ज के लिए शुक्रवार को मजिस्ट्रेट बीसीओ राजीव रंजन की उपस्थिति में ताला तोड़ा गया।
मुजफ्फरपुर : विगत दो वषरें से मुशहरी के राजस्व अभिलेखागार में सील 15 हजार अभिलेखो के इन्वेंटरी चार्ज के लिए शुक्रवार को मजिस्ट्रेट बीसीओ राजीव रंजन की उपस्थिति में ताला तोड़ा गया। उसके बाद प्रभारी लिपिक दिलीप कुमार प्रभार सूची बनाते रहे। विदित हो कि एक शिकायत के आलोक में लोकायुक्त की टीम ने 12 और 13 सितंबर 2019 को मुशहरी अंचल कार्यालय और मुशहरी थाना में जाकर जाच की थी। उसके बाद 14 सितंबर को 2017-2018 एवं 2018-2019 के 15000 से अधिक अभिलेखों को एक कक्ष में रखकर सील कर दिया था। ढाई महीने पूर्व सील खोलने का आदेश आ गया था। वहीं, दूसरी ओर मुशहरी अंचल के हल्का 3 और 12 के राजस्व कर्मचारी अजित कुमार पिछले दिनों 50 हजार रुपये घूस लेते निगरानी टीम द्वारा रंगेहाथ गिरफ्तार होकर जेल चले गए। उन्हें निलंबित कर दिया गया है। एसडीओ पूर्वी ज्ञान प्रकाश के आदेश पर बीसीओ राजीव रंजन को उन दोनो हल्का के इन्वेंटरी चार्ज के लिए दंडाधिकारी नियुक्त किया गया था। शुक्रवार को दंडाधिकारी सह बीसीओ राजीव रंजन और मिठनपुरा थाना की उपस्थिति में राजस्व कचहरी में कटर मशीन से ताला काटकर प्रभार सूची बनाई गई। इस दौरान राजस्व अधिकारी कुमार रवि, अंचल नाजिर ललित कुमार ठाकुर, मो. सादिक हुसैन उपस्थित थे। समाचार लिखे जाने तक हल्का 3 का प्रभार राजस्व कर्मचारी कैलाश मंडल और हल्का 12 का प्रभार अभिषेक कुमार प्रज्ञा को दिए जाने का कार्य जारी था। विदित हो कि राजस्व कर्मचारी कैलाश मंडल के जिम्में हल्का 1 और हल्का 8 है जबकि अभिषेक कुमार प्रज्ञा के जिम्मे हल्का 6 और 9 है। सीओ सुधाशु शेखर ने बताया कि अब किसी का राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित नहीं होगा।