मुजफ्फरपुर में घर में घुसा ट्रक, पांच बच्चे सहित छह की मौत
मृतकों में भाई-बहन और चाचा शामिल दरवाजे पर पढ़ व खेल रहे थे बच्चे। ट्रक चालक सहित चार घायल दर्जनभर बकरियां भी दब कर मरीं। दुर्घटना के शिकार अज्ञात युवक को छोड़कर सभी एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं।
सरैया (मुजफ्फरपुर), संस। थाना क्षेत्र के सहदानी स्थित एनएच-722 पर अनियंत्रित ट्रक एक घर में घुस गया। इसमें पांच बच्चे सहित छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चंदन पासवान की चार वर्षीय पुत्री अनिता कुमारी, लच्छू पासवान की छह वर्षीय पुत्री मनीषा कुमारी व पांच वर्षीय पुत्र गोलू कुमार, नथुनी पासवान की पांच वर्षीय पुत्री दुर्गा कुमारी और रामबाबू पासवान का चार वर्षीय पुत्र प्रियम कुमार की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। वहीं, मच्छू पासवान (45) ने इलाज के दौरान सरैया अस्पताल में दम तोड़ दिया। घायलों में लालबाबू पासवान की सात वर्षीय पुत्री अनामिका कुमारी, लच्छू पासवान की सात वर्षीय पुत्री रज्जू कुमारी व एक अज्ञात युवक शामिल है। यह युवक संभवत: ट्रक का चालक है। गंभीर स्थिति में उसे सरैया पीएचसी से एसकेएमसीएच रेफर किया गया। इस दौरान दरवाजे पर बधीं दर्जनभर बकरियां भी ट्रक में दब गईं, जिन्हें मृत अवस्था में बाहर निकाला गया। दुर्घटना के शिकार अज्ञात युवक को छोड़कर सभी एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। घटना को लेकर लोगों आक्रोश है। सूचना पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने लाश ले जाने से रोक रखा है। घटना गुरुवार की रात आठ बजे की बताई गई है।
बताते हैैं कि बच्चे दरवाजे पर पढ़ रहे थे। इसी दौरान ट्रक घर में घुस गया। लोगों ने बताया कि चालक नशे में धुत्त था। तेज आवाज सुनकर लोग मौके पर दौड़े। सभी बच्चे ट्रक के अंदर दबे थे। लोग कुछ समझ पाते, तब तक चार की मौत हो चुकी थी। किसी तरह अन्य घायलों को निकालकर सरैया पीएचसी भेजा गया। थानाध्यक्ष रवींद्र कुमार यादव ने क्रेन मंगवाकर फंसे शवों को बाहर निकलवाया। एसडीपीओ सरैया राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि घटना में पांच बच्चे सहित छह की मौत हुई है। एक युवक भी गंभीर रूप से जख्मी हुआ है। संभवत: वह ट्रक का चालक है। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। ट्रक को जब्त कर लिया गया है।