बालिका गृह कांड के मुख्य अभियुक्त ब्रजेश ठाकुर पर चलेगा मनी लॉन्ड्रिंग का केस, चार्जशीट दायर
ईडी ने पटना की विशेष अदालत में दायर की चार्जशीट। बालिका गृह कांड का मुख्य अभियुक्त है ब्रजेश ठाकुर।
पटना, जेएनएन। बालिका गृह कांड के मुख्य अभियुक्त ब्रजेश ठाकुर की परेशानियां अब और बढऩे वाली हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) अब ब्रजेश के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला भी चलाएगा। ईडी ने पटना की विशेष अदालत में बालिका गृह कांड के इस अभियुक्त के खिलाफ उसकी संपत्ति पर पूर्ण स्वामित्व और प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत मुकदमा शुरू करने के लिए चार्जशीट दायर की है। चार्जशीट मे ब्रजेश के साथ ही उसके परिवार के लोगों को भी मामले में अभियुक्त बनाया गया है। सीबीआइ ने बालिका गृह मामले की जांच में तमाम तथ्यों के आधार पर ब्रजेश को अभियुक्त बनाया था जिसके बाद इस वर्ष जनवरी में ही सर्वोच्च न्यायालय ने उसे सजा सुनाई है। तब से ब्रजेश जेल में ही है।
बता दें कि बालिका गृह कांड मामले में पहली बार 2018 में मुजफ्फरपुर के महिला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। जिसकी जांच बाद में सीबीआइ के सुपुर्द की गई। महिला थाना और सीबीआइ की प्राथमिकी को आधार बनाकर ईडी ने ब्रजेश के विरुद्ध मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की थी। जिसमें यह तथ्य सामने आए कि ब्रजेश के गैर सरकारी संगठन सेवा संकल्प और विकास समिति को सरकार की ओर से या अन्य माध्यम से जो भी राशि मिली उसका उसने खूब दुरुपयोग किया।
जांच में ब्रजेश के पास अकूत संपत्ति होने के प्रमाण मिले। ब्रजेश ने संपत्ति अपने साथ ही परिवार के दूसरे सदस्य जैसे मनोरमा देवी, कुमारी आशा और पुत्र राहुल आनंद के नाम पर खरीदी। उस पर यह आरोप भी है उसने बेटे को डॉक्टरी पढ़ाने के लिए काफी मोटी रकम खर्च की थी। ईडी ने जांच मे मिले तथ्यों के आधार पर ब्रजेश की करीब 7.03 करोड़ की संपत्ति पिछले वर्ष मार्च और 1.47 करोड़ रुपये की संपत्ति हाल ही में जब्त की थी।