मुजफ्फरपुर में किसान चौपालों के जरिये बड़ा हित साध रही भाजपा
मुजफ्फरपुर के हर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा द्वारा किसान चौपाल का आयोजन हो रहा। इसमें पार्टी नेताओं कार्यकर्ताओं किसानों को कृषि कानूनों के फायदे बताकर जागरूक तो किया ही जा रहा संगठनात्मक मजबूती के लिए विधान सभा चुनाव से संबंधित पार्टी नेताओं के आपसी गिले-शिकवे भी किए जा रहेे दूर।
मुजफ्फरपुर, [अमरेंद्र तिवारी] । विधानसभा चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी मुजफ्फरपुर में विधानसभा क्षेत्रवार किसान चौपाल व सम्मेलन का आयोजन कर रही। इस बहाने पार्टी संगठन के पदाधिकारियों को एकजुट करने र्में भी जुटी है। असंतुष्ट नेताओं को भी मनाया जा रहा है। राजनीतिक प्रेक्षकों की मानें तो पार्टी इस माध्यम से चुनाव के दौरान उत्पन्न खाई को पाट रही है।
विधानसभा क्षेत्रवार होने वाले इन आयोजनों में क्षेत्रीय किसानों का जुटना भी पार्टी के लिए फायदेमंद बताया जा रहा है। वैसे बिहार में किसान आंदोलन का असर नहीं है। इसके बावजूद नए कृषि कानूनों को लेकर वामपंथी व अन्य किसान संगठनों की ओर से छोटे-छोटे कार्यक्रमों को किया जा रहा है। इन कानूनों को लेकर किसानों के बीच कोई भ्रम नहीं रहे इसके लिए पार्टी इस कार्यक्रम में पूरी ताकत लगा रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष रंजन कुमार कहते हैं कि अब तक सात विधानसभा क्षेत्र में सम्मेलन सह जीत के बाद आभार कार्यक्रम किए गए हैं। बचे तमाम विधानसभा में 25 दिसंबर को सम्मेलन होगा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि चुनाव, उससे पहले कोरोना एवं बाढ़ के समय कार्यकर्ताओं ने जो काम किया उसके प्रति इस चौपाल व सम्मेलन के माध्यम से आभार जताया जा रहा है। जिस सीट पर हम चुनाव जीते और जहां पर हम चुनाव हारे, सभी जगह पर आयोजन चल रहा है। संगत-पंगत हो रहा ताकि एक-दूसरे से जुड़ाव बढ़े। आपसी गिल- शिकवे को दूर किया जा सके।
कार्यक्रमों के जरिये कार्यकर्ता, नेता व आम किसानों के बीच बेहतर समन्वय बनाने की कोशिश हो रही है। उनको नए कृषि कानूनों के प्रति अपडेट किया जा रहा है। आने वाले दिनों में चौक-चौराहों पर अगर कहीं कोई विपक्षी नए किसान कानूनों के खिलाफ बहस करें तो उसका जवाब हमारे कार्यकर्ता पूरी मजबूती से दे सकें। नए कानूनों से आने वाले दिन में कृषि क्रांति आएगी।
अबतक इन जगहों पर हुआ आयोजन
कुढनी, कांटी, बरूराज, औराई, बोचहां, मीनापुर, नगर विधानसभा में चौपाल व सम्मेलन का आयोजन हो गया है। गायघाट, सकरा, साहेबगंज, पारू में 25 को आयोजन होना है।
इनकी रही है भागीदारी
राष्ट्रीय मंत्री बिहार के सह प्रभारी सांसद हरीश द्विवेदी, सूबे के मंत्री मंगल पांडेय, रामसूरत राय, प्रदेश उपाध्यक्ष सांसद अजय निषाद, उपाध्यक्ष राजेश वर्मा, पूर्व विधायक बेबी कुमारी,जिला प्रभारी रमेश श्रीवास्तव, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सरोज रंजन पटेल, अल्पससंख्यक मोर्चा के तूफैल कादरी मुख्य रूप से इन आयोजनों में शामिल रहे।
बोले प्रगतिशील किसान
कुढनी सिलौत बासुदेव निवासी प्रगतिशील किसान विनीत कुमार ने कहा कि नए कानूनों से बिचौलिया राज का अंत होगा। बाजार की व्यवस्था नहीं रहने से किसान परेशान होते हैं। जब अपने उत्पादन को बेचने की आजादी होगी तो आमदनी बढ़ेगी। आत्मा किसान समिति के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार ने कहा कि सरकार किसान व किसानी की हालत सुधारने के लिए लगातार सोच रही है। नए कृषि कानून इसमें सहायक होंगे।