शिवहर में सड़क हादसे में बाइक चालक की मौत, इस वजह से हुई घटना
शिवहर-चंपारण स्टेट हाइवे संख्या 54 पर अंबा पेट्रोल पंप के पास गुरुवार की सुबह हुआ हादसा। मृतक की पहचान शिवहर नगर थाना क्षेत्र के पोखरभिंडा निवासी विनोद सहनी के पुत्र श्यामलाल सहनी (35) के रूप में की गई हैं।
शिवहर, जेएनएन। शिवहर- चंपारण स्टेट हाईवे संख्या 54 के अंबा पेट्रोल पंप के पास गुरुवार की सुबह हुई सड़क हादसे में बाइक चालक की मौत मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के स्वजनों ने घर से बुलाकर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं एक ग्रामीण को पकड़ पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ कर रही है। घटना की बाबत मृतक के पिता ने पिपराही थाने में आवेदन देकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम बाद शव को स्वजन को सौंप दिया है। पुलिस पोस्टमाअर्म रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। बताते चलें कि गुरुवार की सुबह शिवहर- चंपारण स्टेट हाईवे संख्या 54 के अंबा पेट्रोल पंप के पास शिवहर नगर थाना क्षेत्र के पोखरभिंडा निवासी विनोद सहनी के पुत्र श्यामलाल सहनी (35) का खून से सना शव मिला था। स्थानीय लोगों के अनुसार उसकी मौत की वजह सड़क हादसा बताया गया था। सूचना के बाद पिपराही थानाध्यक्ष अवधेश कुमार के नेतृत्व में मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की तहकीकात की। हीं शव को पोस्टमार्टम के लिए सरोज सीताराम सदर अस्पताल शिवहर भेज दिया था। बताया गया था कि श्यामलाल सहनी गुरुवार की अलसुबह अपनी बाइक पर सवार होकर पिपराही की ओर जा रहा था। तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात चारपहिया वाहन ने उसे रौंद दिया। घटना के बाद चालक चार पहिया वाहन लेकर शिवहर की ओर भाग निकला। जिस वक्त यह हादसा हुआ, सड़क खाली थी। वहीं लोगों की आवाजाही भी कम थी। लिहाजा काफी देर तक श्यामलाल जख्मी हालत में सड़क पर ही छटपटाता रहा। लेकिन, उसकी मदद करने वाला कोई नहीं था। काफी देर बाद आसपास से गुजर रहे लोगों की नजर सड़क के किनारे जख्मी हालत में पड़े श्याम लाल पर पड़ी। राहगीरों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। वहीं घटना स्थल पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। मौके पर जबतक पुलिस पहुंचती, श्याम लाल ने दम तोड़ दिया था। पुलिस ने श्यामलाल सहनी की जेब से मिले कागजात के आधार पर उसकी पहचान करते हुए स्वजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद स्वजनों में हड़कंप मच गया। साथ ही बदहवास स्वजन मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि बताया था कि मामला सड़क हादसे का है। हालांकि स्वजनों द्वारा हत्या का आरोप लगाने व एक व्यक्ति को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। इसके बाद थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या या हादसा दोनों बिंदू पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट अहम है। रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की वास्तविकता सामने आएगी। हालांकि, हिरासत में लिए गए युवक से सघन पूछताछ जारी है।