Bihar Chunav 3rd Phase Voting: पुष्पम प्रिया चौधरी का लालू-नीतीश पर खुलकर वार, इन दोनों से मुक्ति पाकर ही बढ़ पाएंगे आगे
Bihar Chunav 3rd Phase Voting सीटों के सवाल पर बोलीं प्लूरल्स की अध्यक्ष- मैं भविष्यवाणी नहीं करती मैंने सीएम पद के लिए उम्मीदवारी की बात कही थी। सीएम नीतीश के करीबी रहे पूर्व एमएलसी विनोद कुमार चौधरी की बेटी हैं पुष्पम।
दरभंगा, जेएनएन। द प्लूरल्स की अध्यक्ष पुष्पम प्रिया चौधरी ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर दरभंगा में कहा कि यह आगे बढ़ने का वक्त है। हम तभी आगे बढ़ सकते हैं जब नीतीश जी और लालू जी जैसों से मुक्ति पाएंगे। मैं अपने लिए नहीं, बिहार को आगे ले जाने के लिए आई हूं। बिहार की राजनीति का स्तर बुरी तरह गिरा है। यहां पैसा और लोगों को आपस में लड़ाकर चुनाव लड़ा जाता है और जीता जाता है। पांच साल लोग सत्ता में बैठकर कमाते हैं और उन्हीं पैसों को चुनाव के वक्त बांटते हैं। अब शिक्षा की बातें होनी चाहिए।वह शहरी विधानसभा क्षेत्र के बलभद्रपुर स्थित राजकीय मध्य विद्यालय मतदान केंद्र संख्या 278 पर मतदान करने पहुंची थी।
नीतीश को ले लेनी चाहिए सम्मानपूर्वक रिटायरमेंट: मतदान के बाद उन्होंने संवाददाताओं के सवालों का जवाब दिया। कहा- बिहार में रोजगार, उद्योग की बात मैं सबसे पहले लेकर आई थी। इस चुनाव में सबने इसकी कॉपी की। मैंने तो प्लूरल्स नाम से ही बहुत सारी चीजें साफ कर दी थीं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन यह कहे जाने पर कि यह मेरा अंतिम चुनाव है, पुष्पम ने कहा तब तो यह चुनाव नहीं होना चाहिए। उन्हें पंद्रह साल लोगों ने दिए। अब सम्मानपूर्वक रिटायरमेंट ले लेनी चाहिए।
जदयू के पूर्व एमएलसी विनोद चौधरी की पुत्री हैं पुष्पम
पुष्पम प्रिया जदयू नेता पूर्व विधान पार्षद दरभंगा के बलभद्रपुर मोहल्ला निवासी विनोद कुमार चौधरी की बेटी हैं। उनके पिता किसी जमाने में नीतीश कुमार के बेहद करीबी रहे हैं। लेकिन, पुष्पम ने विदेश में पढ़ाई करने के बाद अचानक से राजनीति में सोच-समझकर कदम रखा और खुद को मुख्यमंत्री के उम्मीदवार के रूप में पेश किया। इस बार के चुनाव में उनकी पार्टी मैदान में उतरी है और वह मिथिला की बेटी होने के नाते मधुबनी जिले के बिस्फी से चुनाव लड़ रही हैं।