CM Nitish ने बिहार-नेपाल बॉर्डर से सटे जयनगर में तटबंध का लिया जायजा, दरभंगा में एयरपोर्ट रनवे को भी देखा
Bihar CM Nitish Kumar ने दरभंगा में एयरपोर्ट रनवे का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। वहीं जयनगर में तटबंध के निर्माण में आ रही परेशानी के बारे में भी जानकारी ली।
दरभंगा/ मधुबनी, जेएनएन। Bihar CM Nitish Kumar ने बुधवार को बिहार-नेपाल बॉर्डर से सटे जयनगर में तटबंध को देखा। वहां की वस्तुस्थिति का जायजा लिया। दरअसल, वे मधुबनी जिला स्थित जयनगर में बांधों के मरम्मत कार्य का निरीक्षण करने जा रहे थे। इसी दौरान वे दरभंगा में भी रुके। यहां उन्होंने एयरपोर्ट के निर्माण कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों से वर्तमान स्थिति के बारे में बात की। विद्यापति एयरपोर्ट के काम को जल्द खत्म करने का निर्देश दिया। इसके बाद जयनगर की ओर निकले।
सीएम के आगमन की सूचना मिलते ही पूरे शहर में सुरक्षा के सख्त प्रबंध किए गए थे। जिस मार्ग से सीएम का काफिला निकलना था वहां पुलिस के जवान मुस्तैद कर दिए गए थे। मौके पर जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, डीएम, एसएसपी और वायु सेना के वरीय अधिकारी मौजूद थे।
इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को मधुबनी के जयनगर में कमला नदी पर तटबंध के निर्माण कार्य का जायजा लिया। सड़क मार्ग से यहां पहुंचे सीएम ने जल संसाधन विभाग के पदाधिकारी व अभियंताओं से तटबंध के निर्माण में आ रही परेशानी के बारे में भी जानकारी ली।
मालूम हो कि कमला नदी से आई बाढ़ में पिछले साल भारी तबाही हुई थी। तटबंध का कुछ भाग नोमेंस लैंड क्षेत्र में आता है। नेपाली पुलिस ने टूटे तटबंध के निर्माण पर रोक लगा दी है। तटबंध जहां समाप्त होता है वहां से भारत-नेपाल रेललाइन गुजरती है। नेपाल के विरोध के कारण यहां तटबंध की चौड़़ाई पहले से कम करनी पड़ी है। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कमला पुल का भी जायजा लिया। पिछले वर्ष पुल के ऊपर से बाढ़ का पानी बहने लगा था।