Bihar Chunav Results 2020: परिणाम आने से पहले ही ट्रेंड करने लगे लालू के लाल तेजस्वी, एक दिन पहले जन्मदिन पर लग गया था बधाइयों का तांता
Bihar Chunav Results 2020एक्जिट पोल के नतीजे और आरंभिक रुझान के बाद लोगों ने यह मान लिया है कि अगली सरकार तेजस्वी यादव के नेतृत्व में ही बनने जा रही है। तेजस्वी इस बार महागठबंधन के सीएम प्रत्याशी हैं। इस बार अकेले उन्होंने चुनाव प्रचार की कमान संभाल रखी थी।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। Bihar Chunav 2020 Results: यूं तो अभी बिहार विधानसभा चुनाव का परिणाम घोषित नहीं किया गया है लेकिन, एक्जिट पोल के नतीजे और आरंभिक रुझान के बाद लोगों ने यह मान लिया है कि अगली सरकार तेजस्वी यादव के नेतृत्व में ही बनने जा रही है। तेजस्वी इस बार महागठबंधन के सीएम प्रत्याशी हैं। इस बार अकेले उन्होंने चुनाव प्रचार की कमान संभाल रखी थी। इसके बाद सभी दांव उनके पक्ष में आते दिख रहे हैं। हालांकि न केवल तेजस्वी संयम बरत रहे वरन उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को भी पूरी तरह संयम बरतने और किसी भी तरह का जश्न नहींं मनाने की सलाह दी है। इतना ही नहीं एक दिन पहले उन्होंने अपने जन्मदिन को भी पूरी सादगी से मनाया। हालांकि एक्जिट पाेल सामने आने के बाद इस बार उन्हें जन्मदिन की शुभकामना देने वालों की बाढ़ दिखी। अब यह देखने वाली बात होगी कि समय आगे बढ़ने के साथ बिहार की जनता का फैसला किसके पक्ष में जाता है। फिलहाल उनके प्रशंसकों ने उन्हें ट्रेंड करा दिया है। बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद अभी तेजस्वी ही सबसे अधिक ट्रेंड कर रहे हैं।
वैसे चुनाव परिणाम की बात की जाए तो अभी कांटे की टक्कर चल रही है। दोनों गठबंधन लगभग बराबरी की स्थिति में हैं। हालांकि आज मतगणना आरंभ होने से पहले तेजस्वी के बड़े भाई तेजप्रताप ने तेजस्वी को शुभकामना एक खास अंदाज में पेश की थी। उन्होंने तेजस्वी भव: बिहार लिखा। वहीं दूसरी ओर राजद के प्रवक्ता और राज्यसभा सदस्य मनोज झा ने राबड़ी आवास के लिए निकलने से पहले मीडिया से बातचीत में अपनी पार्टी और गठबंधन की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि महागठबंधन को इस बार पूर्ण बहुमत मिलने जा रहा है। अब यह देखना होगा कि आखिरकार बाजी किसके हाथ लगती है। कांटे की टक्कर की वजह से कोई भी नेता अभी खुलकर कुछ भी कहने को तैयार नहीं है।