अंधविश्वास : तंत्र-मंत्र के चक्कर में भगत और महिला को पीटकर किया अधमरा, जानिए मामला... Madhubani News
बथनाहा गांव में एक युवक की मौत से भड़के ग्रामीण। ग्रामीणों ने दोनों को बंधक बनाकर जमकर की पिटाई।
मधुबनी, जेएनएन। लखनौर थाना के बथनाहा गांव में एक युवक की मौत से भड़के लोगों ने जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने इसके लिए एक महिला व पुरुष (भगत) के तंत्र-मंत्र को जिम्मेवार बताते हुए दोनों को बंधक बनाकर उन्हें पीट पीटकर अधमरा कर दिया। गांव में शनिवार से शुरू हंगामे ने रविवार को बड़ा रूप ले लिया। दोनों की बेरहमी से पिटाई की गई। हालांकि, गांव के बुद्धिजीवियों के प्रयास से दोनों को छिपाकर एक जगह रख दिया गया। देर शाम पुलिस व प्रशासनिक पदाधिकारी के पहुंचने पर स्थिति थोड़ी नियंत्रण में जरूर आई। मगर, ग्रामीण उन्हें कब्जे में लेने को लेकर दबाव बनाते रहे। गांव में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस को भी ग्रामीणों ने घेर लिया।
अंधविश्वास के कारण बवाल
बताया गया कि गांव के धनेश्वर पासवान के पुत्र दिनेश पासवान (25) की शनिवार शाम अचानक मौत हो गई। लोगों ने आशंका जताई कि मधेपुर थाना के तरडीहा गांव के एक तांत्रिक एवं बथनाहा की एक महिला ने तंत्र-मंत्र से युवक को मौत की नींद सुला दी। ग्रामीणों ने उपरोक्त दोनों को पकड़ा तो पुरुष ने जान बचाने के लिए दावा कर दिया कि वह युवक को ङ्क्षजदा कर देगा। बताते हैं कि उसने अपनी ओर से कुछ प्रयास भी किया। मगर, जो नहीं होना था वह नहीं हुआ। इसके बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए।
ग्रामीणों ने दोनों की जमकर पिटाई कर दी। जानकारी के अनुसार शनिवार रात से रविवार शाम तीन बजे तक दोनों को ग्रामीण बंधक बनाए रखे। इस बीच गांव के कुछ बुद्धिजीवियों ने दोनों को बचाकर एक मकान में छिपा दिया। साथ ही पुलिस को भी सूचना दी गई। पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस को भी लोगों ने घेरे रखा। वे मांग करते रहे कि दोनों को हवाले कर दिया जाए। शाम में अनुमंडल के कई थाने से पुलिस बल को वहां पहुंचा। पुलिस की सख्ती के बाद स्थिति नियंत्रित हुई। थानाध्यक्ष राज कुमार राय ने बताया कि दोनों को यहां से निकाल कर इलाज कराया जाएगा। वहीं कानून हाथ में लेने वालों पर विधि सम्मत कारवाई की जाएगी।