पश्चिम चंपारण में मास्क नहीं लगाने पर बीडीओ ने टेंपो चालक को पीटा, अस्पताल में भर्ती
पश्चिम चंपारण के बगहा एक प्रखंड के बीडीओ ने टेंपो चालक की पिटाई की। अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा जख्मी चालक का इलाज। बीडीओ ने कहा- गिरकर जख्मी हुआ चालक आरोप बेबुनियाद।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। मास्क जांच अभियान पर निकले बगहा एक प्रखंड के बीडीओ शशिभूषण सुमन की पिटाई से एक टेंपो चालक जख्मी हो गया। उसे इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां चिकित्सकों की देखरेख में इलाज जारी है। जख्मी चालक की पहचान नदी थाना क्षेत्र के सोहगीबरवा निवासी नंदू राम के रूप में हुई है। उसका कसूर सिर्फ इतना था कि उसने बिना मास्क लगाए यात्रियों को अपने टेंपो में बैठा लिया था।
बताते हैं कि बीडीओ श्री सुमन डीएम एकेडमी में समीप जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान एक टेंपो आता दिखा। जिसे रोक कर बीडीओ ने जांच की। इस क्रम में न तो यात्री और ना ही चालक ने मास्क लगा रखा था। इससे नाराज बीडीओ ने चालक को उतारकर उसकी पिटाई की।
उधर, बीडीओ ने कहा कि वाहन को रोकने का इशारा करने पर चालक का संतुलन बिगड़ गया। जिससे टेंपो दुर्घटनाग्रस्त हो गया। चालक को गिरने से चोट लगी। मैंने उसके साथ मारपीट नहीं की है। यह आरोप बिल्कुल बेबुनियाद है।