दो सगी बहनों के साथ आठ युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म, बना डाला वीडियो Sitamarhi News
दलित समुदाय से आने वाली नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म का बनाया वीडियो। कर रहा था ब्लैकमेल। घटना कन्हौली थाना क्षेत्र की। तीन दिनों से थाने का काट रही थी चक्कर।
सीतामढ़ी, जेएनएन। जिले के कन्हौली थाना क्षेत्र के एक गांव में आठ युवकों ने दो नाबालिग सगी बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। गांव से सटे खेत में दोनों लड़कियों को ले जाकर हाथ-पांव बांध दरिंदों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया। मानवता और नैतिकता को शर्मसार करते इस वारदात को अंजाम देने के साथ वीडियो भी बना डाला। बाद में वीडियो के जरिए दोनों बहनों को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया था। लड़कियों द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर परिजन जब शिकायत दर्ज कराने कन्हौली थाने पहुंचे तो पुलिस कर्मियों ने एससी-एसटी थाने का मामला बता भगा दिया।
सीतामढ़ी एससी-एसटी थाने गई तो थानेदार के छुट्टी पर रहने की बात कह कर महिला थाना जाने की बात कही गई। तीन दिनों से थानों का चक्कर काट रही पीड़ित बहने और परिजन शुक्रवार को वीडियो फूटेज के साथ महिला थाना पहुंच इंसाफ की गुहार लगाई। इसके बाद एक्शन में आई पुलिस ने पीड़ित बहनों की सदर अस्पताल में मेडिकल जांच कराई। महिला थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष देवेन्द्र चौधरी ने बताया कि लड़की के पिता परदेश में रहते हैं।
तीन दिनों पूर्व दोनों बहन घर में थी, तभी वहां पहुंचे गांव के ही आठ युवकों ने दोनों को जबरन उठा लिया। 14 और 16 वर्ष की दोनों लड़की को गांव से सटे खेत में ले जाने के बाद आरोपितों ने हाथ-पांव बांध दुष्कर्म किए। एसपी अनिल कुमार ने महिला थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष देवेंद्र चौधरी के नेतृत्व में एक टीम गठित कर आरोपितों की गिरफ़्तारी का आदेश दिया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप