मधुबनी में मदद मांगने के बहाने रोक कर एसएसबी जवान पर हमला, लूट का प्रयास Madhubani News
मधुबनी के राजनगर थानाक्षेत्र के पिलखवार गांव की घटना। तीन लुटेरों ने बाइक पलट कर सहयोग मांगने के बहाने रोका। झारखंड के दुमका में कार्यरत हैं वीरेंद्र कुमार।
मधुबनी, जेएनएन। जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के पिलखवार गांव स्थित ईंट-भट्ठा के पास रविवार को लुटेरों ने हमला कर एसएसबी जवान को जख्मी कर दिया। इसके बाद लूटपाट का प्रयास किया। जवान के सिर में जख्म हैं। पुलिस जांच में जुटी थी।
बताया गया कि राजनगर थाना क्षेत्र के छपरारी निवासी वीरेंद्र कुमार झारखंड के दुमका स्थित एसएसबी 35वीं बटालियन के जवान हैं। वे अवकाश में गांव आए थे। अभी मधुबनी शहर में निधि चौक के पास मकान बना रहे हैं। दोपहर तीन बजे राजमिस्त्री व मजदूर को भुगतान करने के लिए बाइक से मधुबनी जा रहे थे। रास्ते में पिलखवार गांव में आम के बगीचा के पास एक बाइक गिरी थी। वहां तीन युवक खड़े थे।
मदद के बहाने रोककर किया लूट का प्रयास
तीनों ने जवान को आवाज देकर रोका। बाइक उठाने में सहयोग करने को कहा। लेकिन, जैसे ही जवान रुके तो बगीचा से तीन और युवक आ गए। वे घेर कर लूटने का प्रयास करने लगे। बेल्ट व बल्ला से प्रहार कर जवान को जख्मी कर दिया। उनका हेलमेट भी पटक कर तोड़ दिया। पीठ पर लदे बैग में 86 हजार रुपये लूटने का प्रयास किया। लेकिन, सफलता नहीं मिली। तब जवान का पर्स छीन लिया।
संयोग रहा कि पर्स में रुपये नहीं थे। बाद में जख्मी एसएसबी जवान ने मधुबनी सदर अस्पताल में इलाज कराया। सिर में चार टांके लगे हैं। घटना की बाबत जवान ने राजनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। बताया कि स्थानीय लोगों ने लुटेरों को भागते देखा। इनमें एक की पहचान भी कर ली गई है।