पूर्वी चंपारण में हथियार से लैस अपराधियों ने स्वर्णाभूषण व्यवसायी को बंधक बनाकर की लूटपाट
अपराधी मकान के पीछे का गेट गैस कटर से काट घर में प्रवेश कर गए। इसके बाद गृहस्वामी को बंधक बना कर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। हथियार से लैस अज्ञात अपराधियों ने रविवार की आधी रात छौड़ादानो प्रखंड मुख्यालय स्थित जनता चौक पर स्वर्णाभूषण व्यवसायी को बंधक बनाकर लाखों रुपये के आभूषण लूट लिए। अपराधी करीब डेढ़ दर्जन की संख्या में थे।
अज्ञात अपराधी व्यवसायी की दुकान और आवासीय मकान के पीछे का गेट गैस कटर से काट घर में प्रवेश कर गए। इसके बाद गृहस्वामी रंजू साह को बंधक बना लिया। फिर एक-एक कर घर में लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। बेखौफ अपराधियों ने जमकर लूटपाट की। इसके बाद भाग निकले। तब गृहस्वामी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रभाकर कुमार पाठक सदल घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद से अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।