अंत्योदय एक्सप्रेस पर लोगों ने निकाला पैसेंजर ट्रेन लेट होने का आक्रोश, पथराव में चालक घायल WestChamparan News
पश्चिम चंपारण के भैरोगंज रेलवे स्टेशन पर गुस्साए यात्रियों ने अंत्योदय एक्सप्रेस में तोड़फोड़ की। जिससे चालक घायल हो गया।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। गाड़ियों की लेतलतीफी का खामियाजा शनिवार को अंत्योदय एक्सप्रेस के चालक को भुगतना पड़ा। भैरोगंज रेलवे स्टेशन पर गुस्साए यात्रियों ने अंत्योदय एक्सप्रेस में तोड़फोड़ की। जिससे चालक घायल हो गया। आक्रोशित चालक बीच लाइन में गाड़ी खड़ी कर चालकों की सुरक्षा व अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ा है।
शनिवार को तड़के दो बजे पैसेंजर ट्रेन नंबर 55042 गोरखपुर से बेतिया के लिए चली। यात्रियों के अनुसार गाड़ी सिसवां बाजार, खड्डा, वाल्मीकिनगर स्टेशनों पर लगभग एक से डेढ़ घंटे तक रुकी। बगहा में उसे सुबह पांच बजे पहुंचना था। लेकिन, वह दस बजे पहुंची। बगहा में भी बीस मिनट तक गाड़ी रोक दी गई।
कुछ यात्रियों के शोर मचाने पर गाड़ी आगे बढ़ाई गई। जैसे ही भैरोगंज स्टेशन पर पहुंची। वहां भी रोक दी गई और अंत्योदय एक्सप्रेस को जाने के लिए लाइन दे दी गई। यह देख यात्री आग बबूला हो गए। अंत्योदय जैसे ही भैरोगंज स्टेशन पर पहुंची। यात्रियों ने पथराव शुरू कर दिया। जिससे इंजन का शीशा फूट गया और चालक को चोट लग गई।