चिराग-पारस विवाद के बीच मुजफ्फरपुर लोजपा ने साफ किया अपना स्टैंड, जानें वैशाली सांसद का स्टेट्स
अब मुजफ्फरपुर जिला लोजपा चिराग पासवान के साथ। वैशाली सांसद वीणा देवी से कार्यकर्ताओं ने किया किनारा। चाचा-भतीजा की जंग में पूरी यूनिट भतीजा के साथ खड़ा। जिला लोजपा के अध्यक्ष रंजन कुमार सिंह ने बकायदा बैठक कर ऐलान कर दिया कि वह युवा हैं और युवा का साथ देंगे।
मुजफ्फरपुर, [अमरेन्द्र तिवारी]। रामविलास की पार्टी लोक जनशक्ति यानी लोजपा पर चाचा-भतीजा के वर्चस्व की लड़ाई को लेकर गोलबंदी तेज है। मुजफ्फरपुर जिले से सरोकार रखने वाली वैशाली की सांसद वीणा देवी सांसद पशुपति पारस गुट में खुलकर हैं। लोजपा के जो पांच सांसद अलग होकर पारस के साथ गए उसमें उनकी मुख्य भूमिका है। ऐसा माना जाता था कि उनके साथ मुजफ्फपुर जिला लोजपा सुर में सुर मिलाकर चलेगा, लेकिन जैसे ही चिराग ने आशीर्वाद यात्रा की बिगुल फूंकी, उसके बाद से संगठन के नेताओं ने सांसद वीणा देवी से किनारा कर लिया। सांसद के करीबी माने जाने वाले जिला लोजपा के अध्यक्ष रंजन कुमार सिंह ने बकायदा बैठक कर एेलान कर दिया कि वह युवा हैं और युवा का साथ देंगे।
लोजपा के स्थापना काल से जुडे़ पूर्व केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान के करीबी सुरेश कुमार के साथ जिलाध्यक्ष रंजन कुमार ने एकजुटता दिखाया। बैठक कर कहा कि पूरी जिला लोजपा चिराग के साथ है। वहीं दूसरी ओर लोजपा से चुनाव लड़ने वाले विधानसभा के प्रत्यााशियों ने भी बैठक कर चिराग तले ही रहने का निर्णय लिया है। प्रत्याशियों की गोलबंदी कांटी से लोजपा के प्रत्याशी रहे वरीय नेता विजय प्रसाद सिंह के साथ हुई। इसमें लोजपा के स्थापना काल से जुडे रहे जिला पार्षद कुमोद पासवान समन्वयक का काम कर रहे हैं। जिला पार्षद कुमोद दिल्ली में जाकर सांसद चिराग पासवान से मिलकर आए हैं। उन्होंने अपनी मंशा जाहिर करते हुए हर कदम पर साथ देने का वादा चिराग से किया है।
चिराग ही रामविलास पासवान के सही उत्तराधिकारी
जिलाध्यक्ष रंजन कुमार ने कहा कि अचानक लोजपा में टूट से वे दुखी हैं, लेकिन लोजपा की स्थापना पूर्व केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने की। उन्होंने अपने जीवन काल में ही लोजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष व संसदीय दल का अध्यक्ष सांसद चिराग पासवान को बनाया है। जनता व कार्यकर्ता सांसद चिराग पासवान को सही उत्तराधिकारी व अपने दल का नेता मान रही है। पांच जुलाई को सांसद चिराग पासवान की ओर से प्रस्तावित आशीर्वाद यात्रा मेंं वे अपनी पूरी ताकत लगा देंगे। 500 से ज्यादा वाहन से हर प्रखंड की भागीदारी होगी।
चिराग के बिना लोजपा कहीं नहीं, जनता सब समझ रही
समाजवादी चिंतक औार विधानसभा चुनाव मेेें कांटी से लोजपा के प्रत्याशी रहे विजय प्रसाद सिह ने कहा कि सांसद चिराग पासवान के बिना लोजपा हो ही नहीं सकता। पिछले चुनाव में उनके साथ अलग-अलग इलाके से प्रत्याशी रहे कृष्णा सिंह, संजय पासवान, जिला पार्षद कुमोद पासवान समेत जिले क सारे पार्टी पदाधिकारी की बैठक दो राउंड हो गई है। सबलोग आशीर्वाद यात्रा की तैयारी में जुट गए हैं। दल का एक-एक कार्यकर्ता का साथ मिल रहा है। इसलिए लोजपा के असली उत्तराधिकारी जनता व कार्यकर्ता की नजर में चिराग पासवान हैं और वही लोजपा के कारवां को लेकर आगे चलेंंगे। जिला पार्षद कुमोद पासवान ने कहा कि सांसद पशुपति पारस के एक करीबी नेता ने साथ देने के लिए फोन किया। लेकिन हमने इंकार कर दिया। साफ-साफ कह दिया कि पूर्व केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान के साथ रहे अब लोजपा सप्रीमो सांसद चिराग पासवान के साथ पूरे जीवन रहना है।