महिला की संदिग्ध अवस्था में मौत, हत्या की आशंका
मुशहरी थाना क्षेत्र के मुशहरी सहनी द्वार के समीप 30 वर्षीय छठव्रती रीता देवी अचेत अवस्था में अपने घर के पीछे केला के बगान में गुरुवार की सुबह 10 बजे मिली।
मुजफ्फरपुर: मुशहरी थाना क्षेत्र के मुशहरी सहनी द्वार के समीप 30 वर्षीय छठव्रती रीता देवी अचेत अवस्था में अपने घर के पीछे केला के बगान में गुरुवार की सुबह 10 बजे मिली। पति अरविंद राम ने बेहोशी की हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान रीता देवी की मौत हो गई। इधर, पत्नी की मौत की सूचना पर पति भी बेहोश हो गए जिनका इलाज नरौली स्थित निजी अस्पताल में चल रहा है। सूचना मिलते ही मृतका के माता-पिता और भाई मुशहरी गाव पहुंचे। मृतका के पिता महेंद्र राम ने बताया कि घरेलू विवाद में ननद जयकल देवी ने गुरुवार की सुबह लाठी-डंडे से बुरी तरह पिटाई कर कलेजे व गर्दन को पैर से दबा दिया। इससे उसकी स्थिति बिगड़ गई। मृत समझ घर के पीछे केले के बगान में रख दिया। बाद में अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के पिता ने स्वजनों पर हत्या का आरोप लगाया। इधर, थानाध्यक्ष शशि भूषण कुमार ने बताया कि इस मामले में अबतक कोई सूचना नहीं मिली है। लिखित रूप से आवेदन मिलते ही कार्रवाई प्रारंभ कर दी जाएगी।
छठ घाट पोखर में डूबने से दो चचेरे भाइयों की मौत
तुर्की ओपी के सकरी सरैया स्थित छठ घाट पोखर में डूबने से गुरुवार की सुबह एक परिवार के दो बच्चों की मौत हो गई। दोनों चचेरे भाई बताए गए हैं। मृतक लालबाबू राय के पुत्र शिवम कुमार(12)एवं अवधेश राय के पुत्र विकास कुमार(13)बताए गए हैं। बताया गया है कि छठ पर्व के अंतिम अर्घ्य के बाद दोनों पोखर में डुबकी लगा कर मिट्टी के हाथी खोज रहे थे। इस दौरान दोनों डूब गए। शोर होने पर ग्रामीणों ने शवों को पानी से निकाल और इसकी सूचना तुर्की ओपी पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन को दी गई। जानकारी मिलते ही पूर्व उप प्रमुख उषा सिंह, रेजा अली, मुखिया प्रतिनिधि श्रीकात प्रसाद, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि बबलू कुशवाहा, पूर्व उप सरपंच रमेश यादव, बीडीओ संजीव कुमार, सीओ पंकज कुमार, तुर्की ओपी प्रभारी रामविनय कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। सीओ ने मृतक के आश्रित को चार- चार लाख मुआवजे का चेक सौंपा। ओपी पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। इधर, घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।