महाराष्ट्र में दूसरी पत्नी की नाबालिग पुत्री से दुष्कर्म कर दरभंगा में आ छिपा आरोपित, ये हुआ हश्र
महाराष्ट्र के कोठंबा में दूसरी पत्नी की नाबालिग पुत्री से दुष्कर्म कर दरभंगा स्थित केवटी भाग आया था इंब्रोज सलीम अंसारी।
दरभंगा, जेएनएन। महाराष्ट्र के कोठंबा की पुलिस ने शुक्रवार की रात केवटी थाने के असराहा गांव में छापेमारी कर दूसरी पत्नी की नाबालिग पुत्री से दुष्कर्म के आरोपित इम्ब्रोज सलीम अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। कोठंबा पुलिस न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए उसे शनिवार को दरभंगा ले गई है। रविवार को उसे अपने साथ महाराष्ट्र ले जाएगी। छापेमारी में केवटी थानाध्यक्ष कौशल कुमार, कोठंबा के हेड कांस्टेबल विजय कुमार राय गायकवाड एवं पुलिस जवान शामिल थे। जानकारी के अनुसार, इस संबंध में पीड़िता की मां ने 23 अगस्त को कोठंबा थाने में दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
की थी दो बच्चों की मां से शादी
इसमें इम्ब्रोज पर अपनी नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। बताया जाता है कि सात बच्चों का पिता इम्ब्रोज पिछले 12-13 वर्षों से कोठंबा थाने के मीठानगर मोहल्ले में अपने परिवार के साथ रहकर जड़ी का काम करता था। इस बीच उक्त मोहल्ले में रह रही दो बच्चों की मां को इम्ब्रोज ने अपने जाल में फांस लिया। बाद में उससे शादी भी कर ली। वहीं रहकर दोनों पत्नी के साथ पारिवारिक जीवन व्यतीत करने लगा। इस बीच उसकी नीयत खराब हो गई। दूसरी पत्नी की पुत्री के साथ मुंह काला किया। मामले का भंडाफोड़ होने पर भाग कर घर चला आया।