मुजफ्फरपुर: गैंगवार में कैश वैन लूटकांड के आरोपित को मारी गोली, चल रहा इलाज Muzaffarpur News
अहियापुर के शेखपुर की घटना दो खोखा बरामद घायल युवक पूर्व में जा चुका जेल। वारदात को अंजाम देने के बाद हथियार लहराते हुए बाइक से फरार हो गए तीनों अपराधी।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। अहियापुर थाना क्षेत्र के शेखपुर माई स्थान ढाला के पास गैंगवार में अपराधियों ने कैश वैन लूटकांड के आरोपित को गोली मारकर घायल कर दिया। उसे तीन गोलियां लगी हैं। उसकी पहचान औराई बसुआ के रविरंजन कुमार के रूप में हुई है। वारदात को अंजाम देकर बाइक सवार तीन अपराधी हथियार लहराते हुए आसानी से जीरोमाइल की तरफ भाग निकले। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को एसकेएमसीएच में भर्ती कराया। प्रारंभिक इलाज के बाद उसे रेफर कर दिया गया। उसके सीना के दोनों तरफ एक-एक और पीठ में एक गोली लगी है। बैरिया स्थित निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
घटनास्थल से दो खोखा बरामद
घटनास्थल से पुलिस ने दो खोखा बरामद किए हैं। आसपास लगे सीसी कैमरे के फुटेज खंगाले गए हैं। इसमें कुछ संदिग्धों की करतूत कैद मिली है। घायल का बयान दर्ज करने की कवायद की जा रही है। बताया गया कि 2016 में अखाड़ाघाट में कैश वैन से लगभग 14 लाख रुपये दिनदहाड़े लूट लिए गए थे। इस घटना में रविरंजन का नाम सामने आया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
घटना के पीछे कई तरह के विवाद सामने आ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि गैंगवार में घटना को अंजाम देने की बात कहना अभी अतिशयोक्ति होगी। वहीं एक बात यह भी सामने आ रही है कि वह पुलिस के लिए मुखबिर का काम भी करता था। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं की गई है। घायल का बयान दर्ज होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
इस घटना के संबंध में मुजफ्फरपुर के एसएसपी जयंत कांत ने कहा कि गोली लगने से घायल युवक लूटकांड के मामले में आरोपित रह चुका है। पूर्व में वह जेल भी गया था। पुलिस सभी बिंदुओं पर छानबीन कर रही है। अपराधियों की पहचान कर ली गई है। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।