दो पिस्टल व 157 गोली के साथ शूटर विक्रांत गिरफ्तार, कई संगीन वारदातों में सामने आई संलिप्तता
शंभू-मंटू समेत कई अपराधियों के रहता था संपर्क में। आइजी कॉलोनी स्थित मकान की घेराबंदी कर की गई कार्रवाई। माड़ीपुर में जवान पर फायरिंग मामले में भी संलिप्तता।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। सदर थाना क्षेत्र के भगवानपुर स्थित आइजी कॉलोनी में दो देसी पिस्टल और 157 गोलियों के साथ एक शातिर शूटर को विशेष पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान कांटी मुबारकरपुर के विक्रांत कुमार के रूप में हुई है। वर्तमान में वह परिवार के साथ आइजी कॉलोनी में रहता है। उसे पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है।
यह गिरफ्तारी माड़ीपुर में जवान पर हुए गोलीबारी के आरोपितों को गिरफ्तार करने के दौरान छापेमारी में हुई। पुलिस का कहना है कि आरोपित विक्रांत का शंभू-मंटू, चुन्नू ठाकुर समेत कई कुख्यात अपराधियों से संपर्क है। इन सभी के लिए शूटर के रूप में उसके काम करने की बात सामने आई है।
हथियार तस्कर गिरोह से भी जुड़ा तार
कई संगीन वारदातों में उसने संलिप्तता स्वीकारी है। हथियार तस्करी का भी काम करता था। अंतरराज्यीय आम्र्स तस्कर से भी इसका साठगांठ है। फिलहाल आम्र्स बरामदगी के मामले में सदर थानेदार सुनील रजक के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। माड़ीपुर में जवान पर हुए फायरिंग मामले में भी इसकी संलिप्तता बताई जा रही है। उसे इस केस में भी रिमांड किया जाएगा।
भागने लगा तो खदेड़कर पकड़ा
बताया गया कि गुप्त सूचना पर काजीमोहम्मदपुर थानेदार सुजाउद्दीन व सदर थानेदार ने एसएसबी जवानों के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी की। आरोपित विक्रांत के घर को चारों तरफ से घेर लिया गया। इसके बाद दरवाजा खटखटाया, लेकिन दरवाजा नहीं खोला गया। फिर जवानों ने इसे धक्का देकर तोड़ दिया। वह भागने लगा तो उसे खदेड़ कर पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसकी कमर से लोडेड पिस्टल बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने उसके कमरे की तलाशी ली।
पलंग के नीचे बक्से से मिले आर्म्स
उसके पलंग के नीचे एक बक्से से स्वचालित हथियार की गोली 7.62 के 135 व .315 के 20 गोली बरामद हुए। मोबिल भरे डिब्बे से एक देसी पिस्टल और एक गोली जब्त की गई। एसएसपी मनोज कुमार ने कहा कि विक्रांत का कई कुख्यात अपराधियों के संपर्क है। उसकी निशानदेही पर विशेष टीम छापेमारी कर रही है।