मुजफ्फरपुर। जिले में रविवार को 56 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले वहीं 80 ने जंग जीत ली है।
एसकेएमसीएच के कोरोना वार्ड में रविवार को दो कोरोना पॉजिटिव मरीजों को भर्ती किया गया। दोनों की हालत गंभीर है। उन्हें आइसीयू में रखा गया है। कोरोना वार्ड में भर्ती पॉजिटिव मरीजों की संख्या 25 हो गई। इसके साथ रिपोर्ट के इंतजार में 12 संदिग्धों को भी एक अलग वार्ड में रखकर इलाज किया जा रहा है। इधर होम आइसोलेशन में रहने वाले 270 मरीजों को मेडिसीन किट उपलब्ध कराया गया। शेष मरीजों को किट उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चल रही है।
इधर होम क्वारंटाइन पर रहने वाले 325 मरीजों का फॉलोअप चिकित्सक कर रहे हैं। जिला कंट्रोल रूम से मरीज स्वास्थ्य संबंधी सुझाव ले रहे है।
सदर अस्पताल में होगी जांच :
सदर अस्पताल में दो दिनों के अंदर ट्रू नेट मशीन से जांच होने लगेगी। एसकेएमसीएच में स्वास्थ्य विभाग की ओर से उक्त मशीन दी गई थी। उस मशीन को वहां से वापस लिया जा रहा है। सीएस डॉ. एसपी सिह ने बताया कि अभी सदर अस्पताल परिसर में नमूना संग्रह होता है। लेकिन अब जांच भी होगी। सदर अस्पताल परिसर के एमसीएच के साथ ग्लोकल व आरडीजे कॉलेज तुर्की में ऑक्सीजन की व्यवस्था हो रही है। यहां पर भी आने वाले दिन में मरीजों को रखा जाएगा। इसके साथ निजी अस्पताल की तलाश चल रही है।
सदर अस्पताल में बदलेगी व्यवस्था :
सदर अस्पताल में इलाज व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अधीक्षक व उपाधीक्षक का चयन किया जा रहा है। सीएस ने बताया कि राज्य सरकार को इसकी सूचना दी जा रही है। उपाधीक्षक लंबे अवकाश पर जा रहे है। इसलिए दो दिन के अंदर यह व्यवस्था की जाएगी। यह व्यवस्था सरकार के नोटिफिकेशन होने तक रहेगा। इधर जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. एके पांडेय को कंटेंटमेंट जोन में संक्रमित के सर्वे का प्रभार दिया गया है।
मुजफ्फरपुर में कोरोना वायरस से जुडी सभी खबरे