Live Madhubani Coronavirus Update: मधुबनी में कोरोना के 34 नए पाॅजिटिव मामले, संक्रमितों की संख्या सौ के पार
Live Madhubani Coronavirus News Update मधुबनी में शुक्रवार को कोरोना के 34 पाज़िटिव मामले सामने आए। इसी के साथ जिले में संक्रमितों की संख्या 115 हो गई।
मधुबनी, जेएनएन। Live Madhubani Coronavirus News Update: जिले में शुक्रवार को कोरोना के 34 नए पाॅजिटिव मामले सामने आए हैं। ये सभी प्रवासी पुरुष हैं। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में पॉजिटिव मामले ने प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 115 हो गई है। हालांकि, इनमें से 21 स्वस्थ भी हो चुके हैं।
स्थानीय स्वास्थ्य विभाग की जारी रिपोर्ट के अनुसार आज संक्रमितों में बासोपट्टी प्रखंड के सबसे अधिक 16 व्यक्ति हैं। सभी प्रवासी हैं। इनमें से एक को छोड़कर सभी दिल्ली से आए थे। एक व्यक्ति गुजरात से आया था। वहां से आने के बाद सभी को निजी स्कूल में बने क्वारंटाइन कैंप में आवासित थे। वहीं लदनियां के प्रखंड क्वारंटाइन कैंप में आवासित आठ प्रवासी भी कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं।
ये सभी महाराष्ट्र के भिवंडी से आए थे। सभी के एक कोरोना पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आने से संक्रमित होने की बात कही जा रही है। इसके अलावा राजनगर प्रखंड के रामपट्टी में बने क्वारंटाइन कैंप में आवासित चार प्रवासी संक्रमित हुए हैं। इसमें से एक कोलकाता व तीन मुंबई से आए थे। लखनौर व झंझारपुर प्रखंड के तीन-तीन प्रवासी कोरोना पॉजिटिव हुए हैं। लखनौर के एक प्रवासी कोलकाता व दो जयपुर से आए थे। जयपुर से आए ये दोनों व्यक्ति साथ के ही एक प्रवासी से संक्रमित हुए। वहीं झंझारपुर के तीनों प्रवासी अलग-अलग स्थान से आए थे।