बिहार में घट गई महिला हज यात्रियों की संख्या
मुजफ्फरपुर । परिवार के बिना महिलाओं को हज पर नहीं जाने की बंदिश हटने के बाद भी वहां जाने वालों की सं
मुजफ्फरपुर । परिवार के बिना महिलाओं को हज पर नहीं जाने की बंदिश हटने के बाद भी वहां जाने वालों की संख्या नहीं बढ़ सकी। पुरुष व महिलाएं मिलाकर सूबे से 11 हजार का कोटा निर्धारित है। लेकिन, इस साल दोनों मिलाकर सिर्फ 5,149 आवेदन ही जमा हुए हैं। पिछले वर्ष की तुलना में इनकी संख्या और कम हो गई। बीते वर्ष जहां 2823 महिलाएं हज को गई थीं, वहीं चालू वर्ष में सिर्फ 2134 ने ही आवेदन दिए। इसमें भी इनकी संख्या कम होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
यह है स्थिति
- 2017 में 6960 लोग हज के लिए गए, जिसमें 4137 पुरुष व 2823 महिलाएं शामिल रहीं।
- 2018 के लिए 5149 आवेदन दिए, जिसमें 3015 पुरुष व 2134 महिलाएं शामिल हैं।
कोलकाता से जाएंगे 33 सौ हज यात्री
मुजफ्फरपुर : बिहार के करीब 3300 लोग कोलकाता एयरपोर्ट से हज करने के लिए रवाना होंगे। गया एयरपोर्ट से जाने के लिए 1849 ने ही इच्छा जताई है। इसकी वजह कोलकाता से कम किराया होना बताया गया है। मालूम हो कि इसबार हज यात्रियों को यात्रा शुरू करने के लिए जगह चयन का विकल्प दिया गया था।
इनसेट
जिले में भी कम हो गई संख्या
मुजफ्फरपुर : जिले से जाने वाले हज यात्रियों की संख्या में भी कमी आई है। खादीमुल हुज्जाज हाजी अबू जफर ने बताया कि 208 लोगों ने ही आवेदन किया है। इसमें 121 पुरुष व 87 महिलाएं हैं। पिछले वर्ष इनकी संख्या 275 से अधिक थी।
बिहार राज्य हज कमेटी के चेयरमैन हाजी मो. इलियास उर्फ सोनू बाबू ने बताया कि हज के लिए 5149 आवेदन आए हैं। महिलाओं को बिना मेहरम हज पर जाने की सरकार की घोषणा का कोई फायदा नहीं हुआ। महिलाओं की संख्या में काफी कमी आई है।