अगलगी में 16 घर समेत लाखों की संपत्ति राख
मुजफ्फरपुर कटरा थाना क्षेत्र के दो गांवों में आग लगने से एक दर्जन घर जल गए।
मुजफ्फरपुर : कटरा थाना क्षेत्र के दो गांवों में आग लगने से दर्जन भर घर जल गए। कटरा गांव में अचानक आग लगने से त्रिभुवन साह और राम लखन साह के तीन घर जल गए। घर में रखे खाद्यान्न, वस्त्र, फर्नीचर, बाइक, साइकिल सहित नकदी जलकर राख हो गई। पीड़ितों ने 5 लाख की क्षति बताया है। घटना 10 बजे दिन की है। मौके पर पहुंची पुलिस ने अग्निशामक विभाग को सूचना दी। लेकिन अग्निशामक के पहुंचने के पहले ही लोग आग पर काबू पा चुके थे। उधर, बर्री पंचायत के चंदौली-बलुआ गाव में आग लगने से सात घर जल गए। वहां लगभग 3 लाख की क्षति का अनुमान है। दोनों ही मामले में खाना बनाने के दौरान चिंगारी से आग लगने का अनुमान किया जाता है। बलुआ में एक गैस सिलेंडर फट गया जिससे आग बेकाबू हो गई। ग्रामीणों ने पंपिंग सेट से आग पर काबू पाया। पीड़ितों में राजकिशोर राय, सुबोध राय, नीरज राय, अनिल राय, रामप्रवेश राय, महेन्द्र राय, सुरेन्द्र राय, अशर्फी राय आदि शामिल हैं। घटना 5 बजे शाम की है। मनियारी: थाना क्षेत्र की महंत मनियारी पंचायत के वार्ड 10 गिद्धिया टोला में शुक्रवार की रात 11.30 बजे अचानक आग लगने से रीता देवी, मुन्नी दैवी, शीला देवी, नीतू देवी की झोपड़ी जल गई। आसपास के लोगों ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मनियारी पुलिस व फायर ब्रिगेड के पहुंचने के पूर्व ही चारों का आशियाना पूरी तरह जल चुका था। कुढ़नी सीओ रंभू ठाकुर के निर्देश पर हल्का कर्मचारी मनीष कुमार व विशभर कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अपनी रिपोर्ट सौंप दी।