बढ़ती महंगाई और अपराध में वृद्धि के विरोध में राजद कार्यकर्ताओं ने दिया धरना
मुंगेर। पेट्रोल डीजल एवं गैस के दामों में बढ़ती हुई महंगाई अपराधिक घटनाओं में वृद्धि
मुंगेर। पेट्रोल, डीजल एवं गैस के दामों में बढ़ती हुई महंगाई, अपराधिक घटनाओं में वृद्धि, बरियारपुर- खड़गपुर- मननपुर रेलवे लाइन और मेडिकल कॉलेज की स्थापना नहीं करने के विरोध में नगर के अंबेडकर चौक के समीप राजद कार्यकर्ताओं द्वारा मंगलवार को धरना दिया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष योगेश्वर गोस्वामी ने की। जबकि मंच का संचालन टेटिया बम्बर प्रखंड अध्यक्ष भूदेव दास कर रहे थे। जिलाध्यक्ष देवकीनंदन सिंह ने कहा कि इस सरकार में पेट्रोल, डीजल, गैस के दामों में लगातार हो रही वृद्धि के कारण लोग त्राहिमाम हैं। इस समस्या से निजात दिलाने के बजाय केंद्र सरकार चैन की बंसी बजा रही है। राज्य परिषद सदस्य नरेश सिंह यादव ने कहा कि सरकार द्वारा अपराध नियंत्रण की बात कही जा रही है। लेकिन हत्या, अपहरण, बलात्कार जैसे जघन्य अपराध राज्य में लगातार हो रहे हैं। जिससे लोग सहमे हुए रहते हैं। प्रधान महासचिव शरद राय ने कहा कि मुंगेर में मेडिकल कॉलेज अब तक नहीं बन पाई है। सिर्फ बयानबाजी कर सरकार क्षेत्रवासियों को छलने में लगी हुई है। इस अवसर पर प्रवक्ता बमबम यादव, ईशु यादव, नगर अध्यक्ष पंकज यादव, प्रखंड अध्यक्ष योगेश्वर गोस्वामी आदि ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर जिला महासचिव विपिन कुमार, नगर अध्यक्ष पंकज यादव, छात्र राजद जिलाध्यक्ष ईशु यादव, युवा राजद टेटिया बम्बर प्रखंड अध्यक्ष अभिषेक आनंद, छात्र राजद विश्वविद्यालय अध्यक्ष सरवन यादव, गजनफर अली खान, अशोक यादव, गोपाल कापरी, विजय यादव, मु राउफ, मु हैदर, मुजीबउर रहमान, सदानंद यादव, टुनटुन ठाकुर, अशोक यादव सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे।