पुलिस ने एक दर्जन से अधिक शराब भट्ठियों को किया नष्ट
मुंगेर। बरियारपुर पुलिस ने अवैध शराब निर्माण करने वालों के खिलाफ छापामारी अभियान चलाया।
मुंगेर। बरियारपुर पुलिस ने अवैध शराब निर्माण करने वालों के खिलाफ छापामारी अभियान चलाया। इस दौरान थाना क्षेत्र के ऋषिकुंड पहाड़ी की तराई में बसे उभ्भी वनवर्षा गांव के पीछे पुलिस ने एक दर्जन से अधिक शराब भट्ठियों को नष्ट किया। वहीं, शराब निर्माण में प्रयोग होने वाले कई बड़े अल्युमुनियम के बर्तन सहित प्लास्टिक के 100 से अधिक डब्बे एवं ड्राम को भी नष्ट किया गया। पुलिस को देखते ही अवैध शराब निर्माण करने वाले पहाड़ की ओर भाग गए। पुलिस ने 10 किलो महुआ के अलावे निर्मित 10 लीटर देसी महुआ शराब को बरामद किया। पुलिस ने गले हुए महुआ तथा चूल्हे को भी नष्ट किया। अवैध शराब बनाने का काम पहाड़ी क्षेत्र में लगभग आधा किलोमीटर क्षेत्र में चल रहा था। अभियान दल में थानाध्यक्ष राकेश कुमार, एएसआई रंजीत कुमार, असलम खान तथा बीएमपी के जवान शामिल थे। विदित हो कि पिछले महीने ही नया रामनगर थाना की पुलिस ने उभ्भी वनवर्षा गांव की 15 महिलाओं को चार टन से अधिक महुआ के साथ रतनपुर के समीप से गिरफ्तार किया था। पूछताछ में महिलओं ने पुलिस को बताया था कि झारखंड के जसीडीह से महुआ लेकर ट्रेन से आई थी।