पर्यावरण संरक्षण की मिसाल पेश कर रहे गोपाल
संवाद सूत्र हवेली खड़गपुर (मुंगेर) प्रदूषित पर्यावरण आज देश के लिए खतरा बन गया है। जाने अ
संवाद सूत्र, हवेली खड़गपुर (मुंगेर): प्रदूषित पर्यावरण आज देश के लिए खतरा बन गया है। जाने अनजाने में लोग इसे अधिक नुकसान पहुंचा रहे हैं। ऐसे में हवेली खड़गपुर के कौड़िया पंचायत स्थित खंडबिहारी गांव निवासी गोपाल शरण सिंह अपने प्रयासों से पर्यावरण बचाने का प्रयास कर मिसाल कायम कर रहे हैं।
गोपाल शरण सिंह कौड़िया पंचायत से लगातार तीन बार मुखिया भी रह चुके हैं। वे पिछले 35-40 वर्षो से रेडियो पर आकाशवाणी दिल्ली से पर्यावरण पर विस्तारपूर्वक चर्चा को सुनकर खुद पर पर्यावरण संरक्षण का जुनून सवार किया। वह अपने घर के आसपास तथा अपने खेतों की जमीन पर पर्यावरण की सुरक्षा के लिए पौधा लगाना शुरू कर दिया। वे अबतक लगभग पांच हजार फलदार एवं छायादार पौधे लगा चुके हैं। गोपाल शरण सिंह ने बताया कि प्रत्येक सुबह हम अपने हाथों से लगाए पौधे के बगीचे में जाकर उसकी देखभाल करते हैं। इस दौरान मेरा सुबह का टहलना भी हो जाता है। उन्होंने बताया कि आसपास के लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण की सलाह भी देता हूं। अबतक पांच हजार से अधिक पौधे लगा चुका हूं। इनमें आम, जामुन, शरीफा, कटहल, महोगनी, सागवान, अमरूद सहित दर्जनों फलदार एवं छायादार पेड़ शामिल हैं। उन्होंने बताया कि मुझे सबसे अधिक प्रसन्नता उस वक्त होती है जब अपनी बगिया का फल पड़ोस के लोगों के साथ मिलकर खाता हूं।