जाम से निजात के लिए नो इंट्री लगाने की मांग
संवाद सूत्र, बरियारपुर (मुंगेर): बरियारपुर आरओबी चालू होने के बाद बरियापुर होकर गुज
संवाद सूत्र, बरियारपुर (मुंगेर): बरियारपुर आरओबी चालू होने के बाद बरियापुर होकर गुजरने वाली बड़े वाहनों की संख्या में वृद्धि हुई। इस वृद्धि के कारण बरियारपुर में जाम की समस्या आम हो गई है। जाम की समस्या से स्थानीय लोग परेशान हैं। इसे लेकर लोगों ने सुबह पांच बजे से रात दस बजे तक नो इंट्री लगाने की मांग जिला प्रशासन से की है। स्थानीय रंजीत कुमार, विनोद कुमार, सावन कुमार, संजय कुमार आदि ने बताया कि आरओबी चालू होने के बाद बरियारपुर होकर बड़े वाहनों का आवागमन काफी बढ़ गया है। इस कारण तीनबटिया चौक पर प्रतिदिन सुबह से शाम तक सड़क जाम की स्थिति बनी रहती है। कई घंटों तक जाम के कारण स्थानीय लोगों को इन दिनों काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जाम के कारण पैदल चलने वाले लोगों को भी बाजार पहुंचने में काफी परेशानी होती है। तीनबटिया के पास पुल जेड आकार के रहने के कारण 6 से अधिक चक्के का वाहन को पार करने में समय लगता है। जो जाम का मुख्य कारण बन जाता है। वहीं पुल के पास स्थानीय दुकानदारों के अतिक्रमण से भी जाम की समस्या बनी रहती है।