मंहगे दाम में खाद खरीदने को मजबूर हैं किसान
संवाद, सूत्र, टेटिया बम्बर (मुंगेर) : थाना क्षेत्र में यूरिया खाद की किल्लत हो जाने के कारण प्रखंड
संवाद, सूत्र, टेटिया बम्बर (मुंगेर) : थाना क्षेत्र में यूरिया खाद की किल्लत हो जाने के कारण प्रखंड के किसान मंहगे दाम पर यूरिया खाद खरीद कर खेत में छिड़काव कर रहे हैं। भलगुड़ी गांव के किसान गोपाल सिंह, श्याम सिंह ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र के खाद के दुकानदारों के यहां यूरिया खाद उपलब्ध नहीं होने के कारण काफी परेशानी हो रहीं है। महंगे दाम पर यूरिया खाद खरीद कर गेहूं, चना, मसूर के फसल में छिड़काव कर रहे हैं। कुछ जगहों पर जिन्हें खाद बेचने का लाइसेंस नहीं रहने के बाद भी कालाबाजारी कर यूरिया खाद बेच रहे हैं। प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी राजीव रंजन कुमार ने बताया कि प्रखंड के खाद विक्रेता यूरिया खाद का उठाव नहीं कर रहे हैं। सभी खाद विक्रेताओं को खाद उठाव करने को लेकर कहा गया है। जमुई जिला के लक्ष्मीपुर प्रखंड से यूरिया खाद खरीद कर कुछ लौग मंहगे दाम पर बेचे जाने की जानकारी मिली है। वैसे लोगों की दुकान की जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सूर्य नमस्कार महायज्ञ का आयोजन
संवाद सहयोगी, हवेली खड़गपुर (मुंगेर) : 16 जनवरी से 23 जनवरी तक स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव के 75 वर्ष पूरे होने पर 75 करोड़ सूर्य नमस्कार का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस क्रम में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हवेली खड़गपुर के स्वयंसेवकों ने सूर्य नमस्कार महायज्ञ कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान नगर क्षेत्र के कंटिया बाजार स्थित मां भवानी धर्मकांटा में आरएसएस के स्वयंसेवकों ने सूर्य नमस्कार महायज्ञ में भाग लिया। इस अवसर पर राकेश चंद्र सिन्हा ने कहा कि स्वतंत्रता के 75 वर्ष के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में सभी सहयोगी संगठनों ने 75 करोड़ सूर्य नमस्कार करने का संकल्प लिया है। नगर कार्यवाह कुणाल किशोर ने कहा कि इस स्वराज्य के अमृत महोत्सव में भाग लेने का परम सौभाग्य हम सबों को मिल रहा है। उन्होंने समाज के अन्य बंधु से इस कार्यक्रम में भाग लेने को प्रेरित किया। इस अवसर पर मेहुल कुमार ददन सहित कई स्वंयसेवकों ने सूर्य नमस्कार महायज्ञ में हिस्सा लिया।