मुंगेर में चार साल की लापता बच्ची का शव तालाब से बरामद, मचा कोहराम
मुंगेर जिले के असरगंज के एक तालाब से चार साल की बच्ची का शव बरामद होने के बाद जनाक्रोश फूट पड़ा। लोगों ने थाना पर भी पथराव किया।
मुंगेर [जेएनएन]। जिले के असरगंज थानाक्षेत्र के मुख्य बाजार से बुधवार को लापता हुई चार वर्षीय छात्रा का शव गुरुवार को मध्य विद्यालय जलालाबाद के बगल के एक तालाब से बरामद किया गया है। बच्ची की हत्या कर शव को तलाब में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना से लोगों का गुस्सा फूट पडा। लोगों ने सडक पर टायर जला कर प्रदर्शन किया। इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद तारापुर एसडीपीओ कई थाना की पुलिस के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर नियंत्रण किया।
लोगों के मुताबिक बच्ची बुधवार की सुबह अपने घर से कुछ सामान लाने निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने बच्ची की तलाश शुरू की। आज सुबह उसका शव तालाब से निकला। मृतक बच्ची का नाम पलक कुमारी असरगंज निवसी बबलू की बेटी थी।
शव बरामद होने के बाद अाक्रोशित लोगों ने असरगंज थाने पर जमकर पथराव किया, जिससे खिड़की के शीशे टूट गए।